विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जांच आयोग जल्द शुरू करेगा काम, पुस्तक मेलों में करोड़ों के गबन की भी होगी जांच

Published: Thu, 16 Jul 2026 11:41 PM (IST)

बंगाल की भाजपा सरकार ने तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में हुए संस्थागत भ्रष्टाचार की जांच तेज कर दी है। जांच ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. जांच आयोग करेगा टीएमसी काल के भ्रष्टाचार की जांच

  2. आयोग अगस्त के पहले पखवाड़े में काम शुरू करेगा

  3. पुस्तक मेला, चक्रवात राहत, शिक्षक घोटाले की होगी जांच

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की भाजपा सरकार ने तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में हुए संस्थागत भ्रष्टाचार की जांच तेज कर दी है। इस उद्देश्य से गठित जांच आयोग के प्रमुख कलकत्ता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश बिश्वजीत बसु ने कहा है कि यदि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो जाती हैं तो आयोग अगस्त के पहले पखवाड़े में अपना काम शुरू कर देगा।

भ्रष्टाचार से प्रभावित हर वर्ग के लोगों के लिए आयोग के दरवाजे खुले रहेंगे और सभी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने आयोग के दो कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। दक्षिण बंगाल का कार्यालय कोलकाता में होगा। उत्तर बंगाल के कार्यालय के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

आयोग चक्रवात राहत वितरण, 100 दिन रोजगार योजना, मध्याह्न भोजन योजना में हुईं वित्तीय अनियमितताओं, सरकारी धन के दुरुपयोग और शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच करेगा। इसी बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व सरकार के कार्यकाल में आयोजित हुए सरकारी पुस्तक मेलों में कथित करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं की जांच के भी निर्देश दिए हैं।

राज्य के पुस्तकालय मंत्री गौरीशंकर घोष ने मुख्यमंत्री को इससे अवगत कराया था। आरोप है कि विभिन्न जिलों में आयोजित सरकारी पुस्तक मेलों के दौरान सरकारी धन से सत्तारूढ़ दल के करीबी लोगों की पुस्तकें खरीदकर उन्हें आर्थिक लाभ पहुंचाया गया।