विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अभिषेक के करीबी तृणमूल नेता मोइदुल इस्लाम गिरफ्तार, 4 साल पुराने में मामले में पुलिस का शिकंजा

Published: Tue, 16 Jun 2026 09:22 PM (IST)

तृणमूल कांग्रेस के शिक्षक संगठन के शीर्ष नेता मोइदुल इस्लाम को 2022 में उपप्रधान देवब्रत भट्टाचार्य की रहस्यमय मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

अभिषेक के करीबी तृणमूल नेता मोइदुल इस्लाम गिरफ्तार। (फाइल)

अभिषेक के करीबी तृणमूल नेता मोइदुल इस्लाम गिरफ्तार। (फाइल)

HighLights

  1. तृणमूल नेता मोइदुल इस्लाम 2022 के मौत मामले में गिरफ्तार।

  2. अभिषेक बनर्जी के करीबी माने जाते हैं मोइदुल इस्लाम।

  3. सुसाइड नोट में नाम आने के बाद पुलिस कर रही पूछताछ।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई वित्तीय अनियमितताओं, जबरन वसूली और गंभीर अपराधों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह डायमंड हार्बर थाना पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के शिक्षक संगठन के शीर्ष नेता मोइदुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया।

पूर्व में माकपा समर्थक रहे मोइदुल बाद में तृणमूल में शामिल हो गए थे और उन्हें डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के अत्यंत करीबी और प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता है। इससे पहले अभिषेक के करीब शौकत मोल्ला और जहांगीर खान जैसे तृणमूल नेताओं को गिरफ्तारी हो चुकी है।

राजनीतिक सरगर्मियों के बीच चौंकाने वाली बात यह है कि इस्लाम की गिरफ्तारी से ठीक एक दिन पहले सोमवार को जब अभिषेक बनर्जी सीजीओ कॉम्प्लेक्स गए थे, तब मोइदुल भी साए की तरह उनके साथ मौजूद थे। पुलिस ने पहले उन्हें हिरासत में लिया और फिर अदालत में पेश किया।

मोइदुल इस्लाम की यह गिरफ्तारी साल 2022 में दक्षिण 24 परगना के बोलसिद्धि कालीनगर ग्राम पंचायत के उपप्रधान देवब्रत उर्फ निमाई भट्टाचार्य की रहस्यमय व असामान्य मौत के मामले में हुई है। जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक सुसाइड नोट लगा था, जिसमें स्पष्ट तौर पर मोइदुल के नाम का जिक्र था।

पुलिस अब इस चार साल पुराने डेथ मिस्ट्री की गुत्थी सुलझाने के लिए मोइदुल से सघन पूछताछ कर रही है। अपनी गिरफ्तारी के अंदेशे को भांपते हुए मोइदुल ने सोमवार रात इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि स्पेशल टास्क फोर्स उन्हें तलाश रही है।

साथ ही उन्होंने यह संकल्प भी दोहराया कि पुलिस उन्हें चाहे जितनी बार गिरफ्तार कर ले, वे ममता दीदी और अभिषेक बनर्जी के साथ हमेशा मुस्तैदी से खड़े रहेंगे।

यह भी पढ़ें- TMC के पुष्पा ने जोड़े हाथ और पकड़े कान, बंगाल पुलिस ने जहांगीर खान को 4 घंटे नंगे पैर फिर कराई परेड