जोड़ाफूल चुनाव चिह्न की लड़ाई में नया मोड़, ममता गुट ने ऋतब्रत और अरूप दास के खिलाफ थाने में की शिकायत
तृणमूल कांग्रेस के जोड़ाफूल चुनाव चिह्न पर अधिकार को लेकर ममता गुट ने ऋतब्रत बनर्जी और अरूप दास के खिलाफ कालीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

जोड़ाफूल चुनाव चिह्न पर विवाद (जागरण)
HighLights
ममता गुट ने ऋतब्रत बनर्जी के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज की।
चुनाव आयोग को फर्जी हलफनामे सौंपने का आरोप लगाया गया।
कालीघाट थाने में पुलिस अधिकारियों पर भी आरोप लगे हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के जोड़ाफूल चुनाव चिह्न और पार्टी के नाम पर अधिकार को लेकर ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी गुट के बीच जारी कानूनी लड़ाई अब पुलिस थाने तक पहुंच गई है।
ममता गुट ने नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी और अरूप दास के खिलाफ कोलकाता के कालीघाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। गुट के कोषाध्यक्ष और पूर्व सांसद शुभाशीष चक्रवर्ती ने शिकायत में चुनाव आयोग को कथित तौर पर फर्जी हलफनामा और जाली सदस्यों की सूची सौंपने का आरोप लगाया है।
करीब चार पन्नों की शिकायत में केवल ऋतब्रत और अरूप ही नहीं, बल्कि नानूर थाने के प्रभारी संजय सरकार और सब इंस्पेक्टर गोलक घोष का नाम भी शामिल किया गया है।
चुनाव आयोग को फर्जी हलफनामे सौंपने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि चुनाव आयोग को सौंपे गए दस्तावेजों में फर्जी नोटरी का इस्तेमाल किया गया। यहां तक कि कुछ हलफनामे आधे खाली स्थानों के साथ ही जमा कर दिए गए।
बाद में नोटरी की व्यवस्था नहीं होने पर दूसरे स्थान से नोटरी कराकर दस्तावेज जमा किए गए। ममता गुट का दावा है कि इस पूरी प्रक्रिया से जुड़े साक्ष्य उसके पास मौजूद हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस कथित फर्जीवाड़े के पीछे नानूर थाने के दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अलावा कुछ सिविक वालंटियर की भी भूमिका रही है। कालीघाट गुट ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है।
गौरतलब है कि हाल में ममता बनर्जी के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी ने दावा किया था कि जोड़ाफूल चुनाव चिह्न ममता बनर्जी के पास ही रहेगा। उन्होंने ऋतब्रत गुट पर फर्जी हलफनामे और नोटरी तैयार कर जाली सदस्यों की सूची चुनाव आयोग को सौंपने का आरोप लगाया था।
अभिषेक ने यह भी कहा था कि इस कथित प्रक्रिया में पुलिस प्रशासन की मदद ली गई। उनके मुताबिक, इस संबंध में दस्तावेज और वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं, जिन्हें आने वाले दिनों में अदालत में पेश किया जाएगा।
विवाद पर भाजपा ने कसा तंज
इस विवाद पर भाजपा ने भी तंज कसा है। भाजपा नेता देवजीत सरकार ने दोनों गुटों के बीच चल रही खींचतान को दो लुटेरे गिरोहों की लड़ाई करार दिया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और भाजपा का इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।