सुवेंदु कैबिनेट में विभागों का बंटवारा, दिलीप घोष को पंचायत और अग्निमित्रा पॉल को नगर विकास जिम्मेदारी; देखें लिस्ट
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपनी कैबिनेट में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। दिलीप घोष ...और पढ़ें

सुवेंदु कैबिनेट में विभागों का बंटवारा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है।
दिलीप घोष को पंचायत व ग्रामीण विकास और कृषि विपणन, अग्निमित्रा पाल को नगर विकास और नारी व शिशु कल्याण विभाग, अशोक कीर्तनिया को खाद्य विभाग, खुधीराम टुडू को आदिवासी विकास विभाग और निशिथ प्रामाणिक को उत्तर बंगाल विकास विभाग और खेल व युवा कल्याण विभाग दिया गया है।
सुवेंदु कैबिनेट में विभागों का बंटवारा
- दिलीप घोष : पंचायत व ग्रामीण विकास और कृषि विपणन
- अग्निमित्रा पाल: नगर विकास और नारी व शिशु कल्याण विभाग
- अशोक कीर्तनिया : खाद्य विभाग
- खुधीराम टुडू : आदिवासी विकास विभाग
- निशिथ प्रामाणिक : उत्तर बंगाल विकास विभाग और खेल व युवा कल्याण विभाग
कौन होगा बंगाल का अगला वित्तमंत्री ?
सुवेंदु अधिकारी बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल चुके हैं। उनके साथ पांच मंत्रियों को विभाग भी आवंटित कर दिया गया। अभी मंत्रिमंडल का विस्तार होना बाकी है। परंतु, राज्य का अगला वित्त मंत्री सुवेंदु अधिकारी किसे बनाएंगे, इसे लेकर चर्चा है।
संजीव सान्याल को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
चर्चा है कि अर्थशास्त्र के जानकर संजीव सान्याल को वित्त विभाग की अहम जिम्मेदारी मिल सकती है हालांकि वे विधायक नहीं हैं। सान्याल अर्थशास्त्र के जानकार हैं साथ ही भारत सरकार में फाइनेंस से जुड़ी कई जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और पहले भी संभाल चुके हैं। सान्याल मूलतः बंगाल के रहने वाले हैं।
संजीव सान्याल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इकोनामिक एडवाइजरी काउंसिल के मेंबर हैं। इसके साथ ही जी7 और बीईसीडी जैसे इंटरनेशनल ग्रुप के साथ भी अहम पद पर काम रहे हैं। फिलहाल संजीव सान्याल पुणे में मौजूद गोखले इंस्टीट्यूट आफ पॉलिटिक्स एंड इकोनॉमिक्स के चांसलर के तौर पर काम कर रहे हैं।
सान्याल कई बार मीडिया में भी फाइनेंस से जुड़े मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखते हुए देखे गए हैं। सुवेंदु के शपथ ग्रहण समारोह में भी संजीव सान्याल आमंत्रित थे। संजीव अपनी पत्नी स्मिता के साथ इस समारोह में पहुंचे थे। आपको बता दें कि सान्याल की पत्नी स्मिता ने बंगाल चुनाव में भाजपा के लिए काम किया था।
सुवेंदु कैबिनेट की पहली बैठक में अहम फैसले
बंगाल में भाजपा की नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट (राज्य मंत्रिमंडल) की पहली बैठक में ही कई बड़े फैसले लिए गए और विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सीमा सुरक्षा से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण फैसले में भारत- बांग्लादेश सीमा पर बिना बाड़ रहित क्षेत्रों में तारबंदी के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को जमीन आवंटन के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है।
पहली कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जरूरी जमीन हस्तांतरण का काम 45 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी और 45 दिन के अंदर पूरी की जाएगी।
इसके अलावा, राज्य में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लागू को लागू कर दिया गया है। साथ ही राज्य में नए अपराधिक कानून को भी सोमवार से ही लागू करने का फैसला किया है।

