विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता के SRFTI में बवाल: छात्राओं का वीडियो बनाने और उत्पीड़न के आरोप में भड़का छात्रों का गुस्सा

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:23 PM (GMT+05:30)

कोलकाता के एसआरएफटीआई में छात्र सुरक्षा प्रभारी पर महिला छात्राओं की गुप्त रिकार्डिंग और बदसलूकी का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. सुरक्षा प्रभारी पर महिला छात्राओं की गुप्त रिकार्डिंग का आरोप।

  2. प्रशासन ने सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाने का दिया आदेश।

  3. छात्रों ने अधिकारी को हटाने और स्वतंत्र जांच की मांग की।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के प्रतिष्ठित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में शुक्रवार को एक बार फिर छात्रों और प्रशासन के बीच तनाव गहरा गया।

छात्रों ने संस्थान के सुरक्षा प्रभारी प्रबीर कुमार मुंशी पर महिला छात्राओं का बिना अनुमति निजी मोबाइल फोन से वीडियो बनाने और पूछताछ करने पर बदसलूकी व उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य द्वार पर धरना शुरू कर दिया।

वहीं, दूसरी ओर संस्थान प्रशासन ने सुरक्षा और अनुशासन का हवाला देते हुए परिसर के सार्वजनिक हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का आदेश जारी किया है।

छात्रों का आरोप: कुलपति के आदेश पर निगरानी

प्रदर्शनकारी छात्राओं का कहना है कि पिछले एक महीने से अधिक समय से सुरक्षा गार्ड उन पर नजर रख रहे हैं और व्यक्तिगत फोन से उनकी रिकार्डिंग कर रहे हैं।

छात्र संघ का दावा है कि जब 24 नवंबर को सुरक्षा प्रभारी से इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कैमरे पर कहा कि यह रिकार्डिंग कुलपति (वीसी) के सीधे निर्देश पर की जा रही है।

छात्रों ने कुलपति से लिखित स्पष्टीकरण, सुरक्षा प्रभारी को पद से हटाने और एक स्वतंत्र महिला-प्रधान जांच समिति के गठन की मांग की है।

प्रशासन का पक्ष: सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम

दूसरी तरफ, संस्थान प्रशासन ने इन आरोपों के बीच अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि यौन उत्पीड़न से जुड़ी किसी भी शिकायत को अत्यधिक गंभीरता से लिया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि परिसर में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी आवश्यक है, क्योंकि पहले छात्रों के विरोध के कारण सीसीटीवी कैमरे नहीं लग पाए थे।

शुक्रवार को यूजीसी के सुरक्षा दिशा-निर्देशों के तहत सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी लगाने का आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया।

गौरतलब है कि एसआरएफटीआई परिसर में पिछले दो महीनों से गतिरोध बना हुआ है, जिसकी शुरुआत 27 सितंबर को एक बाहरी संगठन के कार्यक्रम को लेकर हुए विवाद और झड़प से हुई थी।

यह भी पढ़ें- बंगाल वोटर लिस्ट विवाद: कोलकाता के साथ 6 अन्य नगर निगमों की अपीलों पर जल्द सुनवाई की मांग, विचार को तैयार सुप्रीम कोर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।