'मुक्ति दे दी', कोलकाता में बेटे ने गला घोंटकर मां की हत्या के बाद पुलिस को फोन कर बताई करतूत
कोलकाता के हरिदेवपुर में एक बेटे ने लंबी बीमारी से जूझ रही अपनी 85 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या कर दी।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।
HighLights
बेटे ने बीमार मां की गला घोंटकर हत्या की।
इलाज का खर्च न उठा पाने से परेशान था बेटा।
आरोपी ने खुद पुलिस को वारदात की सूचना दी।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। महानगर के हरिदेवपुर इलाके में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि लंबे समय से बीमार मां के इलाज का खर्च नहीं उठा पाने से परेशान बेटे ने गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित ने खुद पुलिस को फोन कर मां की हत्या करने की जानकारी दी। मृतका की पहचान 85 वर्षीय उमारानी घोष और आरोपित बेटे की पहचान 67 वर्षीय सागर घोष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
सफेद धागे से घोंटा गला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सागर ने सफेद धागे से मां का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मां लंबे समय से बीमार थीं और उनके इलाज का खर्च उठाना उसके लिए मुश्किल हो गया था।
जांच में सामने आया है कि मां-बेटे मकान की दूसरी मंजिल पर रहते थे। घर में सागर की बहन भी रहती थी, जबकि निचली मंजिल किराये पर दी गई थी। बताया जा रहा है कि वारदात के समय उसकी बहन घर पर मौजूद नहीं थी। पुलिस को घटनास्थल से एक संदिग्ध नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि मां को मुक्ति दे दी है और घर लौटने पर वह भी नहीं मिलेगा।
पत्नी की भी हत्या की थी कोशिश
पुलिस जांच कर रही है कि यह नोट सागर ने ही लिखा था या नहीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सागर पेशे से इंजीनियर था, लेकिन वर्ष 2021 में उसकी नौकरी चली गई थी। पड़ोसियों का यह भी आरोप है कि वर्ष 2021 में उसने हथौड़े से पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या करने की कोशिश की थी। इसके बाद पत्नी कथित तौर पर अपने बच्चे के साथ अलग रहने लगी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।