विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'राजबंशियों की जमीन बांग्लादेशी घुसपैठियों को दी', शुभेंदु अधिकारी ने माकपा सरकार पर लगाया आरोप 

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:10 PM (IST)

शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पिछली माकपा सरकार ने राजबंशियों की जमीन बांग्लादेशी घुसपैठियों को दी थी।  

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी। जागरण अर्काइव

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी। जागरण अर्काइव

HighLights

  1. शुभेंदु ने माकपा सरकार पर राजबंशी जमीन घुसपैठियों को देने का आरोप लगाया।

  2. एसपी को बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर वापस भेजने का निर्देश दिया।

  3. राजबंशी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की प्रतिबद्धता जताई।

जागरण संवाददाता, कूचबिहार। माकपा के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती वाममोर्चा सरकार ने जमीन का मालिकाना हक बांग्लादेश से आए घुसपैठियों को देकर राजबंशी समुदाय को उसकी जमीन से वंचित कर दिया। राजबंशी समुदाय के हितों की सुरक्षा नहीं की गई। बर्गादारी कानून के तहत भूमि सुधार लागू करने के नाम पर राजबंशी ही नहीं बल्कि अन्य स्थानीय समुदायों की जमीन भी छीनकर बांग्लादेश से आए मुस्लिम घुसपैठियों को दी गई।

वर्तमान सरकार अपनी ओर से जो संभव होगा, अब वह करेगी। राजबंशी समाज के विकास, भाषा, संस्कृति, शिक्षा और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए पूरी शिद्दत से काम किया जाएगा। यह बात बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कही। वे यहां रास मेला के उद्घाटन पर आए थे। उन्होंने राजबंशी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की।

रास मेला के मंच से मुख्यमंत्री ने जिले के एसपी मनीष जोशी को निर्देश दिया कि बांग्लादेश से अवैध रूप से प्रवेश करने वाले घुसपैठियों की पहचान कर उनको वापस भेजें। सीमा पर बीएसएफ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। अवैध मदरसों, नकली नोटों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्देश दिया। कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाएं।

उनका कहना था कि कि राजबंशी समुदाय के कई प्रतिनिधियों ने इस बात पर दुख जताया कि उनके परिवारों के पास कभी इस इलाके में बड़े भूभाग थे, लेकिन ज्यादातर का मालिकाना हक राजबंशियों के हाथ से चला गया। मूल निवासियों को उनकी जमीन से वंचित कर दिया गया। मुख्यमंत्री मदनमोहन मंदिर भी गए, शोभा यात्रा में शामिल हुए, इसके बाद रास मेले का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री के इस बयान से साफ हो गया है कि घुसपैठियों को खदेड़ने के लिए सरकार कमर कस चुकी है। वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। क्योंकि भाजपा बंगाल के सीमावर्ती जिलों, खासकर राज्य के उत्तरी हिस्से में, अवैध प्रवास, जमीन पर कब्जे और जनसांख्यिकीय बदलावों के मुद्दे लगातार उठाती रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी पूर्व में अपने राजनीतिक अभियानों में इन चिंताओं का जिक्र किया था।

पुरानी घटनाओं का होगा हिसाब

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास भी होगा और पुरानी घटनाओं का हिसाब भी लिया जाएगा। खागड़ाबाड़ी में मेरी गाड़ी पर पेट्रोल डाला गया था। विपक्ष में रहने के दौरान मेरे काफिले पर हमला हुआ था। उस घटना की सभी तस्वीरें मौजूद हैं।

राजवंशी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करा संवैधानिक मान्यता दिलाना हमारी प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने राजवंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने के मुद्दे पर कहा कि चुनावी संकल्प पत्र में जो वादे किए गए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। राजवंशी और कामतापुरी भाषा के नाम को लेकर अलग-अलग सुझाव सामने आए हैं। इन सुझावों को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। इस संबंध में अंतिम निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय करेगा। 19 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री और केंद्रीय गृह सचिव के साथ उनकी बैठक हुई थी। उस दौरान भी इस मुद्दे को जल्द आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई थी।

यह भी पढ़ें- 'अवैध बांग्लादेशियों को खोजकर निकालना होगा बाहर', घुसपैठियों पर बोले सीएम शुभेंदु

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।