मतांतरण पर शमिक भट्टाचार्य का कड़ा रुख, बोले- ईसाई समुदाय भी भाजपा का हिस्सा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बंगाल में मतांतरण के खिलाफ अपना सख्त रुख दोहराया है, हालांकि उन्होंने ईसाई समुदाय से किसी दुश्मनी से इनकार किया।
-1795018894823_m.webp)
मतांतरण पर शमिक भट्टाचार्य का कड़ा रुख (फाइल फोटो)
HighLights
शमिक भट्टाचार्य ने मतांतरण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।
ईसाई समुदाय या पादरियों से कोई दुश्मनी नहीं होने का दावा।
जबरन या प्रलोभन से मतांतरण बंगाल में अस्वीकार्य होगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में ईसाई मिशनरी संस्थानों को लेकर जारी विवाद के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बुधवार को एक बार फिर मतांतरण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी या भाजपा की ईसाई समुदाय अथवा पादरियों से कोई दुश्मनी नहीं है। भाजपा सभी धर्मों का सम्मान करती है और हालिया चुनाव में ईसाई समुदाय के लोगों ने भी पार्टी को वोट दिया है।
पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में शमिक ने कहा कि ईसाई परिवार भी भाजपा परिवार का हिस्सा हैं। हिंदू, मुस्लिम और ईसाई सभी को इस भूमि पर रहने और मिलकर काम करने का अधिकार है, लेकिन बंगाल में मतांतरण की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मिशनरी संस्थानों को लेकर पहले दिए गए उनके बयान समाज के हित में थे और उन्हें अपनी टिप्पणियों पर कोई पछतावा नहीं है।
जबरन मतांतरण पर आपत्ति, किसी समुदाय से दुश्मनी नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें किसी पादरी या किसी अन्य व्यक्ति से कोई दुश्मनी नहीं है। हालांकि, जबरन या प्रलोभन देकर मतांतरण कराने की गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे के नाम पर पहले से पीड़ित लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि पिछले दिनों शमिक ने ईसाई मिशनरी संस्थानों को जबरन या प्रलोभन देकर मतांतरण कराने के खिलाफ चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि ऐसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। अपने ताजा बयान में भी उन्होंने इसी रुख को दोहराया है।
ईसाई संगठनों के विरोध के बीच बढ़ा विवाद
शमिक के बयानों के बाद ईसाई संगठनों ने आपत्ति जताई थी। बंगिया ख्रिस्तीय परिषद ने आरोपों को व्यापक और आधारहीन बताते हुए संबंधित स्कूलों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की थी।
संगठन ने कहा था कि बिना ठोस तथ्यों के पूरे समुदाय और मिशनरी संस्थानों पर आरोप लगाना उचित नहीं है। कांग्रेस ने भी भाजपा नेता के बयान की आलोचना की थी।
बंगाल के विभिन्न हिस्सों में गिरजाघरों और अन्य ईसाई संस्थानों पर कथित हमलों तथा नदिया जिले में एक ईसाई महिला के साथ कथित मारपीट की घटना के बीच यह विवाद और गंभीर हो गया है।
शमिक का ताजा बयान एक ओर मतांतरण के मुद्दे पर भाजपा के सख्त रुख और दूसरी ओर ईसाई समुदाय से टकराव से बचने की कोशिश को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें- बंगाल पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, दार्जिलिंग से सिलीगुड़ी तक के बदले थानेदार; किसे कहां मिली कमान?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।