विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

TMC के पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता के करीबियों पर ईडी का शिकंजा, कोलकाता में कई ठिकानों पर छापामारी

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:35 PM (GMT+05:30)

ईडी ने पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में कोलकाता में कई ठिकानों पर छापामारी की है।

सब्यसाची दत्ता के करीबियों पर ईडी का शिकंजा (फाइल फोटो)

सब्यसाची दत्ता के करीबियों पर ईडी का शिकंजा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ईडी ने सब्यसाची दत्ता के करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी की।

  2. वित्तीय अनियमितताओं और धनशोधन मामले में जांच जारी है।

  3. कोलकाता के लेकटाउन, बालीगंज, साल्टलेक में कार्रवाई हुई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में ईडी ने शुक्रवार सुबह कोलकाता में एक साथ कई ठिकानों पर छापामारी की।

जांच एजेंसी की कार्रवाई लेकटाउन, बालीगंज और साल्टलेक में कारोबारियों तथा प्रमोटरों के आवासों पर हुई। लेकटाउन में वीआइपी रोड स्थित आलीशान आवासीय परिसर 'एलकोव ग्लोरिया' की नौवीं मंजिल पर कारोबारी एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट गौरव लक्षतियार के फ्लैट की तलाशी ली गई। गौरव को सब्यसाची का करीबी बताया जाता है।

सुबह करीब छह बजे ईडी के अधिकारी केंद्रीय बलों के साथ गौरव के फ्लैट पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने आवासीय परिसर के प्रवेश द्वार और संबंधित मंजिल को घेर लिया।

अधिकारियों ने वहां वित्तीय लेनदेन से संबंधित दस्तावेज, फाइलें और डिजिटल उपकरण खंगाले। गौरव से भी वित्तीय लेनदेन को लेकर पूछताछ की गई। जांच एजेंसी इन कारोबारियों के साथ सब्यसाची के कथित आर्थिक लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

शेल कंपनियों के जरिये निवेश की जांच

सब्यसाची दत्ता और उनके सहयोगियों के खिलाफ रंगदारी से अर्जित अपराध की आय को विभिन्न चल-अचल संपत्तियों में निवेश करने के मामले में धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच चल रही है।

एजेंसी ने 31 जुलाई को कोलकाता और आसपास के इलाकों के 15 ठिकानों तथा गुरुग्राम में एक स्थान पर तलाशी ली थी। उस कार्रवाई में प्रिसिजन बिल्डकॉम प्राइवेट लिमिटेड, साफ्टलाइन मीडिया नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड और अवाम रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड जैसी कथित शेल कंपनियों के जरिये धन के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए थे।

ईडी ने सब्यसाची और उनके सहयोगियों से जुड़े करीब 150 बैंक एवं डीमैट खातों में मौजूद 13.90 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज की थी। इसके अलावा 40.50 लाख रुपये नकद और 17,200 अमेरिकी डालर की विदेशी मुद्रा भी जब्त की गई थी।

रंगदारी के आरोपों से शुरू हुई थी जांच

ईडी ने बिधाननगर उत्तर थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर 23 जून 2026 को ईसीआइआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। प्राथमिकी में आरोप था कि सब्यसाची ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर स्थानीय कारोबारियों से धमकी और दबाव के जरिए रंगदारी वसूली।

जांच एजेंसी का संदेह है कि इस कथित अवैध कमाई का एक हिस्सा सोना, फिक्स्ड डिपाजिट, म्यूचुअल फंड और अचल संपत्तियों में लगाया गया।

यह भी पढ़ें- बाइचुंग भुटिया समेत 15 पूर्व खिलाड़ियों ने AIFF अध्यक्ष कल्याण चौबे के विरुद्ध खोला मोर्चा, केंद्रीय खेल मंत्री को लिखा पत्र

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।