'10 हजार सरकारी पदों पर निकली भर्ती, आवेदन के लिए नहीं देना होगा कोई शुल्क', CM शुभेंदु अधिकारी का एलान
बंगाल सरकार ने सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन शुल्क पूरी तरह समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने विभिन्न विभागों में 10,147 नए पदों पर भर्ती को भी मंजूरी दी है।
-1795428694329_m.webp)
बंगाल में 10 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरी के लिए निकली भर्ती (फोटो-पीटीआई)
HighLights
सरकारी नौकरी आवेदन शुल्क अब पूरी तरह माफ किया गया।
राज्य सरकार वहन करेगी सभी आवेदन शुल्क का पूरा खर्च।
विभिन्न विभागों में 10,147 नए पदों पर भर्ती को मंजूरी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अब कोई आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य सचिवालय नवान्न में मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक के बाद सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में आवेदन शुल्क पूरी तरह माफ करने की घोषणा की।
कैबिनेट ने आवेदन शुल्क माफ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। कैबिनेट की बैठक में कई और अहम फैसले भी लिए गए।
कैबिनेट बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेरोजगार युवक-युवतियों से नौकरी के आवेदन के नाम पर पैसे लेना अपराध और संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है। अब आवेदन का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को कालेज सेवा आयोग में आवेदन के लिए सबसे अधिक शुल्क देना पड़ता है, जबकि पुलिस भर्ती बोर्ड की परीक्षाओं के लिए 500 रुपये तक देने होते हैं। अब किसी भी अभ्यर्थी को आवेदन के लिए अपनी जेब से पैसे खर्च नहीं करने होंगे।
10,147 पदों पर होगी भर्ती
मंत्रिमंडल की बैठक में गृह, स्वास्थ्य, पंचायत समेत राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 10,146 पदों पर नई नियुक्ति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इनमें सबसे अधिक पद गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग में हैं। इसके अलावा पूर्वी सीमांत राइफल्स (ईएफआर) में भी 1,000 जवानों की नियुक्ति का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, विभिन्न विभागों में भर्ती की प्रक्रिया राज्य लोक सेवा आयोग (पीएससी), पुलिस भर्ती बोर्ड (पीआरबी) और स्वास्थ्य भर्ती बोर्ड के माध्यम से पूरी की जाएगी। इसके अतिरिक्त कुछ योजनाओं के तहत संविदा आधारित नियुक्तियां भी होंगी। ऐसी नियुक्तियों की प्रक्रिया जिलाधिकारियों के माध्यम से पूरी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकार का लक्ष्य एक साल के भीतर कुल एक लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है। दिसंबर में 1,331 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
जनवरी तक पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान 26 हजार शिक्षकों की नौकरी रद होने के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार जनवरी तक चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा करना है। इस फैसले को राज्य में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है। आवेदन शुल्क समाप्त होने से आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को भी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
जनवरी 2027 से त्रैमासिक नहीं, हर महीने मिलेगा बिजली का बिल
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने एक और अहम प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसके तहत जनवरी 2027 से राज्य की सरकारी विद्युत वितरण कंपनी के उपभोक्ताओं को बिजली का बिल त्रैमासिक अर्थात तीन महीने में नहीं, बल्कि हर महीने मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी से हर महीने मीटर की रीडिंग होगी और मासिक बिजली बिल मिलेगा। उन्होंने उल्लेख किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने यह मुद्दा उठाया था, जिसको देखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।