विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पुलिस पर गोली चलाएंगे तो फूलों की वर्षा नहीं होगी, आत्मरक्षा का पूरा अधिकार', बोले CM शुभेंदु अधिकारी

Published: Sun, 15 Nov 2026 09:25 PM (GMT+05:30)

बीरभूम में पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाने के आरोपी रतन शेख की मुठभेड़ में मौत के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ...और पढ़ें

बीरभूम में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी रतन शेख मारा गया

बीरभूम में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी रतन शेख मारा गया

HighLights

  1. बीरभूम में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी रतन शेख मारा गया

  2. मुख्यमंत्री शुभेंदु ने पुलिस को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार बताया

  3. पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन में पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाने के आरोपित रतन शेख के रविवार को पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) में मारे जाने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पुलिस पर गोली चलाने वालों पर फूलों की वर्षा नहीं की जाएगी।

बीरभूम में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी रतन शेख मारा गया

पत्रकारों द्वारा घटना के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री व गृह मंत्री शुभेंदु ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है और ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में अपराधियों के प्रति कोई सहनशीलता नहीं बरती जाएगी। बंगाल में दुष्कर्मियों, हत्यारों और गुंडों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराध के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

रतन शेख के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उसे पकड़ने गई पुलिस टीम के सदस्य ही उस समय की पूरी परिस्थिति बता सकते हैं। इस कुख्यात अपराधी के खिलाफ 32 मामले दर्ज थे।

उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस पर गोली चलाएंगे तो पुलिस फूलों की वर्षा तो नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने आगे यह भी कहा कि अगर कोई पुलिस को मारने आएगा तो क्या पुलिस उसे बताशा खिलाएगी? बंगाल में एक भी दुष्कर्मी या गुंडा नहीं रहेगा।

कांस्टेबल की बहादुरी की मुख्यमंत्री ने की थी सराहना

गौरतलब है कि शुक्रवार शाम बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र के लाइक बाजार में आरोपित रतन शेख को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसने गोली चला दी थी।

इसमें कांस्टेबल विश्वजीत दास के बाएं पैर में गोली लगी थी। घायल कांस्टेबल को पहले बोलपुर और फिर बर्द्धमान मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

शनिवार को मुख्यमंत्री ने बर्द्धमान मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचकर घायल कांस्टेबल से मुलाकात की थी। उन्होंने कांस्टेबल विश्वजीत के साहस की सराहना करते हुए कहा था कि पुलिसकर्मी पर हमले व्यर्थ नहीं जाएगा और अपराधी को कड़ी सजा मिलेगी। इसके अगले ही दिन आरोपित रतन शेख पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।

बता दें कि इससे पहले 27 अक्टूबर को एक ही दिन में उत्तर 24 परगना और मुर्शिदाबाद में अलग-अलग एनकाउंटर में दो आरोपितों की मौत पर भी मुख्यमंत्री ने पुलिस को लेकर अपनी सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा था कि यदि कोई कानून अपने हाथ में लेता है तो पुलिस मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकती।

यह भी पढ़ें- भाजपा के सत्ता में आने के बाद 5वां एनकाउंटर, पश्चिम बंगाल में पुलिस पर गोली चलाने वाला आरोपी ढेर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।