300 पुलिसकर्मियों ने धरना मंच तोड़ा, छात्राओं से बदसलूकी का भी आरोप... कोलकाता के SRFTI में सुबह-सुबह बवाल
शनिवार सुबह एसआरएफटीआई कैंपस में पुलिस ने छात्रों के धरना मंच को हटा दिया, जिसमें छात्रों ने बल प्रयोग और बदसलूकी का आरोप लगाया।

SRFTI में पुलिस का एक्शन। (फोटो- स्क्रीनग्रैब।)
HighLights
पुलिस ने एसआरएफटीआई कैंपस से छात्रों का धरना मंच हटाया।
छात्रों ने पुलिस पर बल प्रयोग, बदसलूकी का आरोप लगाया।
प्रशासन ने अदालत के आदेश पर अवैध ढांचा हटाया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में शनिवार तड़के एक बार फिर माहौल गरमा गया। छात्रों का आरोप है कि सुबह करीब छह बजे 300 से अधिक पुलिसकर्मी कैंपस में दाखिल हुए। इनमें से कई पुलिसकर्मियों के चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।
पुलिस ने छात्रों का धरना मंच तोड़कर हटा दिया और वहां रखा फर्नीचर व अन्य सामान दो छोटे पिकअप वैन में लादकर कैंपस से बाहर ले गई। छात्रों का कहना है कि यह सारा सामान संस्थान की ही संपत्ति था।
छात्रों से धक्का-मुक्की, छात्राओं से बदसलूकी का आरोप
इस कार्रवाई के विरोध में उतरे छात्रों और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने बल प्रयोग किया, कई छात्रों को घसीटकर हटाया और छात्राओं के साथ भी बदसलूकी व खींचतान की गई। घटना का वीडियो बना रहे छात्रों के मोबाइल फोन छीनने की भी कोशिश हुई।
एक छात्र ने दावा किया कि बिना किसी उकसावे के यह कार्रवाई की गई। सुबह साढ़े सात बजे तक पूरे कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात रहा। छात्रों को हास्टल से मुख्य गेट की ओर जाने और कैंपस से बाहर निकलने से रोक दिया गया, जिससे वे आपस में संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं।
प्रशासन की सफाई और 27 सितंबर से जारी गतिरोध
पूरे मामले पर एसआरएफटीआई प्रशासन ने बयान जारी कर कहा कि छात्रों का एक वर्ग एक महीने से अधिक समय से कैंपस के भीतर अवैध रूप से धरना दे रहा था। अदालत के हस्तक्षेप और कोलकाता पुलिस की मदद से इस अवैध ढांचे को हटाया गया है।
प्रशासन ने आरोप लगाया कि 'शांतिपूर्ण विरोध' की आड़ में छात्र आग जलाने, तेज आवाज में गाने बजाने, देर रात तक पार्टी करने, बाहरी लोगों को अवैध रूप से बुलाकर शिक्षकों व कर्मचारियों को डराने और शराब व नशीले पदार्थों के सेवन जैसी गतिविधियों में शामिल थे।
गौरतलब है कि 27 सितंबर से जारी इस विवाद के कारण प्रशासन ने पहले ही विशेष नोटिस जारी कर 11 दिसंबर तक पठन-पाठन बंद कर रखा है।
यह भी पढ़ें: प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी में सात साल से दीक्षांत समारोह बंद, ABVP ने की तत्काल शुरू करने की मांग; सौंपा ज्ञापन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।