विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'AI से बनाया फर्जी वीडियो', जाली हलफनामे के आरोप पर पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दर्ज की FIR

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:11 AM (IST)

अभिषेक बनर्जी ने ऋतब्रत गुट पर कालना थाने में फर्जी हलफनामे तैयार कर चुनाव आयोग को सौंपने का आरोप लगाया, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की भूमिका का भी जिक्र किया। 

अभिषेक बनर्जी के खिलाफ बंगाल पुलिस का एक्शन। (फोटो- पीटीआई।)

अभिषेक बनर्जी के खिलाफ बंगाल पुलिस का एक्शन। (फोटो- पीटीआई।)

HighLights

  1. अभिषेक बनर्जी ने फर्जी हलफनामे पर पुलिस-शुभेंदु अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठाए।

  2. कालना पुलिस ने अभिषेक पर AI से फर्जी वीडियो बनाने का आरोप लगाया।

  3. तृणमूल कांग्रेस के नाम-चिह्न विवाद में पुलिस और अभिषेक का टकराव बढ़ा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न पर अधिकार को लेकर ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी गुट के बीच जारी विवाद अब पुलिस और अभिषेक बनर्जी के टकराव तक पहुंच गया है। तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को दिल्ली में प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि ऋतब्रत गुट के लिए पूर्व बर्धमान के कालना थाने में फर्जी हलफनामे तैयार किए गए और उन्हें चुनाव आयोग में जमा कराया गया।

उन्होंने इस कथित फर्जीवाड़े के पीछे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की भूमिका होने का भी आरोप लगाया। हालांकि, इसके करीब एक घंटे बाद ही कालना पुलिस ने अभिषेक के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस का दावा है कि उन्होंने एआइ से तैयार फर्जी वीडियो दिखाकर पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश की है।

अभिषेक ने क्या दावा किया था?

अभिषेक ने प्रेसवार्ता में एक वीडियो दिखाते हुए दावा किया कि 16 अक्टूबर को कालना थाने में पुलिसकर्मियों ने ऋतब्रत गुट के समर्थन में हलफनामों पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर किए थे। इन दस्तावेजों में गुट के नेता अरूप राय का नाम भी शामिल होने की बात कही।

उन्होंने कालना थाने के प्रभारी से लेकर पुलिस महानिदेशक तक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कहा कि इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय तथा उच्चतम न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाएंगे। हालांकि वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है।

क्या है मामला?

दरअसल, चुनाव आयोग में पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर सुनवाई के दौरान दोनों गुटों ने बड़ी संख्या में दस्तावेज और हलफनामे जमा किए हैं। ममता गुट पहले भी ऋतब्रत गुट पर फर्जी दस्तावेज जमा करने का आरोप लगा चुका है। दूसरी ओर, ऋतब्रत गुट ने अभिषेक के वीडियो को झूठा बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाजपा ने भी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे अपनी राजनीतिक विफलता छिपाने की कोशिश करार दिया है।

यह भी पढ़ें: ममता ने लगाया बंगाल के सांसदों को डराने का आरोप, विशेष सत्र से पहले जाएंगी दिल्ली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।