ममता ने लगाया बंगाल के सांसदों को डराने का आरोप, विशेष सत्र से पहले जाएंगी दिल्ली
संसद के विशेष सत्र से पहले ममता बनर्जी ने दिल्ली जाने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के सांसदों को डराया जा रहा है और वे खुद इस मामले की पड़ताल करेंगी।

विशेष सत्र से पहले दिल्ली जाएंगी ममता बनर्जी। (पीटीआई)।
HighLights
ममता बनर्जी संसद सत्र से पहले दिल्ली जाएंगी।
उन्होंने टीएमसी सांसदों को डराने का आरोप लगाया।
परिसीमन, महिला आरक्षण विधेयकों पर होगी चर्चा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। संसद के विशेष सत्र से पहले बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को अचानक दिल्ली जाने की घोषणा की।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के सांसदों को डराया जा रहा है। ममता ने कहा कि वरिष्ठ नेता लगातार उन्हें फोन कर रहे हैं। वह खुद दिल्ली जाकर पूरे मामले की पड़ताल करेंगी।
वरिष्ठ नेता बार-बार कर रहे फोन
कालीघाट स्थित आवास के बाहर पत्रकारों से बातचीत में ममता ने कहा, ''मैं दिल्ली जा रही हूं। वरिष्ठ नेता बार-बार फोन कर रहे हैं। उन्होंने चार्टर्ड विमान की व्यवस्था भी की थी, लेकिन मैंने कहा कि इसकी जरूरत नहीं है। मैं खुद जाकर देखूंगी कि क्या हुआ है। इसके बाद जो जरूरी होगा, वह करूंगी।'' हालांकि, उन्होंने फोन करने वाले नेताओं के नाम नहीं बताए।
संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक होंगे पेश
ममता का दिल्ली दौरा 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। दूसरी ओर, तृणमूल के 28 लोकसभा सांसदों में 20 के अलग होकर एनसीपीआई के साथ जाने के बाद संसदीय अधिकार को लेकर विवाद जारी है।
पार्टी ने जारी किया व्हिप
इसी बीच अभिषेक बनर्जी ने सभी 28 सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी कर 30 नवंबर से चार दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। ऐसे में ममता के दिल्ली दौरे के दौरान विपक्षी नेताओं से उनकी मुलाकात और संसद की रणनीति पर चर्चा पर सबकी नजर रहेगी।