विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक स्कूलों में शिफ्ट करने की तैयारी, स्थिति का आकलन कर रही सरकार

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:47 PM (IST)

पश्चिम बंगाल सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक स्कूलों में स्थानांतरित करने की संभावना तलाश रही है। 

जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों को शिफ्ट करने की तैयारी। (फाइल फोटो।)

जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों को शिफ्ट करने की तैयारी। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक स्कूलों में स्थानांतरित करने की तैयारी।

  2. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप यह कदम उठाया जा रहा।

  3. बच्चों को तीन साल की उम्र से शैक्षणिक माहौल मिलेगा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के प्रावधानों के अनुरूप बंगाल सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक स्कूलों के भवन में संचालित करने की संभावनाएं तलाश रही है। इसके लिए राज्य के करीब एक लाख आंगनबाड़ी केंद्रों की मौजूदा स्थिति का सर्वेक्षण कराया जा रहा है।

सर्वेक्षण के आधार पर जर्जर और नए सिरे से निर्माण की जरूरत वाले केंद्रों को आसपास के प्राथमिक स्कूलों में स्थानांतरित किया जा सकता है। हालांकि, अच्छी स्थिति में चल रहे केंद्रों को फिलहाल उनके मौजूदा स्थान से हटाने की कोई योजना नहीं है।

शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?

स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक स्कूलों के भवन में संचालित करने की परिकल्पना है। इसी के मद्देनजर राज्य में इन केंद्रों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग मिलकर यह सर्वेक्षण कर रहे हैं।

मंत्री के मुताबिक, मौजूदा आंगनबाड़ी केंद्रों को तोड़कर नए सिरे से किसी स्कूल में स्थापित करना फिलहाल संभव नहीं है। लेकिन जिन केंद्रों के भवन पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं और जिनका पुनर्निर्माण जरूरी है, उन्हें नजदीकी प्राथमिक स्कूल में शुरू करने पर विचार किया जाएगा।

तीन साल की उम्र से शिक्षा से जुड़ेंगे बच्चे

आंगनबाड़ी केंद्रों को स्कूल परिसरों से जोड़ने के पीछे बच्चों की शुरुआती शिक्षा को मजबूत करने की सोच है। इन केंद्रों में छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों के अलावा गर्भवती महिलाओं और प्रसूता माताओं को पोषक आहार उपलब्ध कराया जाता है। वहीं, तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को खेल गतिविधियों के माध्यम से पूर्व-प्राथमिक शिक्षा दी जाती है।

ऐसे में यदि आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक स्कूलों के भवन में संचालित होते हैं तो बच्चों को शुरुआती उम्र से ही शैक्षणिक माहौल मिलेगा और औपचारिक शिक्षा की ओर उनका रुझान बढ़ेगा। विशेषकर ऐसे एकीकृत स्कूलों में यह व्यवस्था अधिक उपयोगी हो सकती है, जहां प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक पढ़ाई होती है।
इससे बच्चों को तीन वर्ष की उम्र से ही एक ही शैक्षणिक परिसर में आगे की पढ़ाई का अवसर मिल सकेगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के बाद जरूरत के अनुसार केंद्रों को स्कूल भवनों में संचालित करने का निर्णय लिया जाएगा। भविष्य में इस दिशा में और प्रयास किए जाएंगे।

स्कूलों की आधारभूत सुविधाएं सुधारने की जरूरत

बंगीय शिक्षक व शिक्षाकर्मी समिति के महासचिव स्वपन मंडल ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने राज्य के स्कूलों की आधारभूत संरचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां पहले से ही स्कूलों के बुनियादी ढांचे की स्थिति अच्छी नहीं है।

ऐसे में आंगनबाड़ी केंद्रों को स्कूल भवनों में स्थानांतरित करने से पहले वहां पर्याप्त जगह, जरूरी सुविधाओं और आधारभूत संरचना का विकास करना आवश्यक है। सरकार को इस दिशा में भी गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

यह भी पढ़ें: बंगाल विधानसभा से श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ऐतिहासिक भाषण का दस्तावेज गायब, सीएम शुभेंदु ने सीआईडी जांच के दिए संकेत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।