बंगाल विधानसभा से श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ऐतिहासिक भाषण का दस्तावेज गायब, सीएम शुभेंदु ने सीआईडी जांच के दिए संकेत
बंगाल विधानसभा से 20 जून 1947 की ऐतिहासिक कार्यवाही और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के भाषण का रिकॉर्ड गायब है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए CID जांच और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ FIR की चेतावनी दी है।

बंगाल विधानसभा से श्यामा प्रसाद मुखर्जी का ऐतिहासिक दस्तावेज गायब (बंगाल विधानसभा फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के गठन से जुड़े गायब ऐतिहासिक दस्तावेज की तलाश अब सीआइडी जांच के दायरे में आ सकती है।
विधानसभा पुस्तकालय से 20 जून 1947 की ऐतिहासिक कार्यवाही व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के भाषण का रिकॉर्ड नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है।
उन्होंने सोमवार को कहा कि यदि जांच में दस्तावेज के वास्तव में लापता होने की पुष्टि होती है तो विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष (स्पीकर) बिमान बनर्जी व तत्कालीन सचिव सहित संबंधित अधिकारियों और पुस्तकालयाध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर मामले की जांच सीआइडी को सौंपी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को नवान्न में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चार दिसंबर से विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने पर वह स्वयं पुस्तकालय जाकर दस्तावेज की स्थिति देखेंगे। उन्होंने कहा कि मेरे पास इसकी प्रति है। मैं उसे विधानसभा के रिकार्ड में जमा करा दूंगा। लेकिन पुस्तकालय में हमें यह नहीं मिला है।
20 जून 1947 की कार्यवाही का है ऐतिहासिक महत्व
दरअसल, 20 जून 1947 को अविभाजित बंगाल विधानसभा में बंगाल के विभाजन और अलग प्रांत के रूप में भारत में शामिल करने के प्रस्ताव पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई थी। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी समेत तत्कालीन प्रमुख नेताओं ने अपने विचार रखे थे। उस दिन की बहस, प्रस्ताव और नेताओं के भाषणों का आधिकारिक रिकार्ड बंगाल के गठन के इतिहास का महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है।
आरोप है कि विधानसभा पुस्तकालय से संबंधित पुस्तक 2023 की शुरुआत में जारी की गई थी, लेकिन बाद में उसे वापस नहीं किया गया। विधानसभा के ऑनलाइन पोर्टल पर भी इसकी प्रति उपलब्ध नहीं मिली। करीब पांच महीने से इसकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने 20 जून को आधिकारिक पश्चिम बंग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। ऐसे में 1947 की विधानसभा कार्यवाही का रिकार्ड इस फैसले के ऐतिहासिक आधार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण हो गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।