विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोथाबाड़ी हिंसा कांड: पूर्व मंत्री सबिना यास्मिन और उनके पति से NIA ने की लंबी पूछताछ

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:09 PM (GMT+05:30)

एनआईए ने मालदा के मोथाबाड़ी कांड की जांच के सिलसिले में पूर्व मंत्री सबिना यास्मिन और उनके पति महबूब आलम से कोलकाता में पूछताछ की। 

विधायक सबिना यास्मिन और उनके पति से NIA  ने की पूछताछ (फोटो-फाइल फोटो जागरण)

विधायक सबिना यास्मिन और उनके पति से NIA ने की पूछताछ (फोटो-फाइल फोटो जागरण)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मालदा के मोथाबाड़ी कांड की जांच के सिलसिले में एनआइए ने सोमवार को राज्य की पूर्व मंत्री एवं सुजापुर की विधायक सबिना यास्मिन और उनके पति महबूब आलम से पूछताछ की। दोनों सोमवार सुबह करीब 11 बजे कोलकाता स्थित एनआइए के कार्यालय पहुंचे।

जांच एजेंसी ने दोनों को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे के बीच उपस्थित होने का समन जारी किया था। इस मामले में सबिना से पहले भी पूछताछ हो चुकी है। वहीं, उनके पति भी अगस्त में एनआइए के सामने पेश हुए थे।

एनआइए कार्यालय में प्रवेश करने से पहले सबिना यास्मिन ने अपने पति का बचाव करते हुए कहा कि घटना के दिन वह घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे।

सबिना ने दावा किया कि वह एक चुनावी कार्यक्रम से लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अशांति देखकर उन्होंने भीड़ को हटाने और स्थिति को शांत करने की कोशिश की थी। उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसी के समन के पीछे राजनीतिक उद्देश्य होने का भी आरोप लगाया।

सात न्यायिक अधिकारियों को बनाया गया था बंधक

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले एक अप्रैल को मालदा के कालियाचक-दो ब्लाक के मोथाबाड़ी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत काम कर रहे सात न्यायिक अधिकारियों को भीड़ ने कई घंटों तक घेरकर रखा था।

इनमें तीन महिला अधिकारी भी शामिल थीं। अधिकारियों को बचाकर ले जाने के दौरान उनके वाहन पर हमले का भी आरोप लगा था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मामले की जांच एनआइए को सौंपी गई थी।

सितंबर में भी हुई थी सबिना से पूछताछ

इस मामले में एनआइए ने सितंबर में भी सबिना यास्मिन को पूछताछ के लिए बुलाया था। वहीं, उनके पति महबूब आलम से अगस्त में पूछताछ की गई थी।

अब दोनों को एक साथ फिर से तलब किया गया है। जांच एजेंसी इस मामले में पहले ही आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।

यह भी पढ़ें- म्यांमार में साइबर ठगी के लिए युवाओं की तस्करी, पंचकूला एनआईए कोर्ट से आरोपित को जमानत नहीं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।