विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

म्यांमार में साइबर ठगी के लिए युवाओं की तस्करी, पंचकूला एनआईए कोर्ट से आरोपित को जमानत नहीं

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:24 PM (IST)

म्यांमार में साइबर ठगी के लिए भारतीय युवाओं की तस्करी के आरोपी गुलाम जमा को पंचकूला की विशेष एनआईए अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने पत्नी की बीमारी के आधार पर मांगी गई अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दिया है।

पंचकूला स्थित विशेष एनआईए अदालत में सुनवाई। (सांकेतिक फोटो)

पंचकूला स्थित विशेष एनआईए अदालत में सुनवाई। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. विशेष एनआईए अदालत ने खारिज की अर्जी।

  2. कोर्ट ने पत्नी की बीमारी का आधार अस्वीकार किया।

  3. युवाओं को थाईलैंड में नौकरी का झांसा दिया।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। म्यांमार में भारतीय युवाओं को नौकरी का झांसा देकर ले जाने और वहां साइबर ठगी के धंधे में धकेलने के आरोपित गुलाम जमा उर्फ लकी को पत्नी की बीमारी के आधार पर भी अंतरिम जमानत नहीं मिली।

पंचकूला स्थित विशेष एनआईए अदालत ने उसकी याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि पत्नी की बीमारी के संबंध में पेश दस्तावेज केवल ओपीडी परामर्श की पर्ची है। इससे न तो बीमारी की गंभीरता और न ही तत्काल इलाज की जरूरत साबित होती है।

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर निवासी 39 वर्षीय गुलाम जमा को एनआईए ने 27 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप है कि वह नौकरी का लालच देकर युवाओं को विदेश भेजने वाले अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और साइबर ठगी नेटवर्क का हिस्सा था। उसने पत्नी साहिनूर खातून की बीमारी का हवाला देकर अस्थायी जमानत मांगी थी।

थाईलैंड में नौकरी का झांसा

मामले की शुरुआत चरखी दादरी के साइबर क्राइम थाने में 15 नवंबर 2025 को दर्ज मामले से हुई थी। शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने आरोपित अंकित कुमार के खिलाफ शिकायत दी थी। जांच में अंतरराष्ट्रीय कड़ियां सामने आने के बाद मामला एनआइए को सौंप दिया गया।

जांच एजेंसी के अनुसार, गिरोह भारतीय युवाओं को थाईलैंड में कंप्यूटर आपरेटर, डाटा एंट्री आपरेटर और टिकट बुकिंग एजेंट की नौकरी दिलाने का झांसा देता था। फर्जी इंटरव्यू लेकर पासपोर्ट जुटाए जाते और युवाओं को पहले थाईलैंड, फिर म्यांमार पहुंचाया जाता था। वहां जिंग हुआ ग्रुप की साइबर स्कैम कंपनियों में उनसे जबरन आनलाइन ठगी कराई जाती थी।

कमीशन लेकर युवाओं को भेजने का आरोप

एनआइए के मुताबिक, गुलाम जमा विदेशी नेटवर्क के संपर्क में था और युवाओं को फंसाकर उपलब्ध कराने के बदले कमीशन लेता था। वह टेलीग्राम के जरिए पीड़ितों और विदेश में बैठे सहयोगियों से संपर्क करता था। इस मामले में अंकित कुमार और इश्तिखार अली के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। गुलाम जमा के खिलाफ भी पूरक आरोपपत्र पेश किया जा चुका है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।