बंगाल: न्यूटाउन में नशे में धुत शिक्षकों ने हेलमेट से ट्रैफिक पुलिसकर्मी को पीटा, तीनों गिरफ्तार
न्यूटाउन में ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को तीन निजी स्कूल शिक्षकों ने बेरहमी से पीटा, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

बंगाल में ट्रैफिक पुलिस पर हमला (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
न्यूटाउन में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमला हुआ।
तीन निजी स्कूल शिक्षकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
नशे में धुत शिक्षकों ने हेलमेट से पुलिसकर्मी को पीटा।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। न्यूटाउन में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में एक निजी स्कूल के तीन शिक्षकों को गिरफ्तार किया गया है। घटना बुधवार रात नौपाड़ा सिग्नल की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनमोहन बेहेरा, नितीश कुमार साहू और शुभजीत चक्रवर्ती के रूप में हुई है। तीनों न्यूटाउन में रहकर एक निजी स्कूल में शिक्षक के तौर पर कार्यरत हैं।
न्यूटाउन में ट्रैफिक पुलिसकर्मी को बेरहमी से पीटा
प्रारंभिक जांच के अनुसार, बुधवार रात तीनों युवक कथित तौर पर नशे की हालत में गलत दिशा से बाइक चला रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक एप कैब से टकरा गई।
इसके बाद कैब चालक और युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। चालक ने मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी को इसकी सूचना दी।
आरोप है कि पुलिसकर्मी के पहुंचते ही तीनों युवक उस पर टूट पड़े। उन्होंने हेलमेट से उसके सिर पर वार किया और सड़क पर गिराकर जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर इको पार्क थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।