विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता में नीट पेपर लीक विरोध में TMCP कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हंगामा, कुणाल घोष हिरासत में

Published: Sat, 25 Jul 2026 11:22 PM (IST)

नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में कोलकाता में टीएमसीपी के धरने के दौरान पुलिस से झड़प हुई, जिसमें कुणाल घोष और वैश्वानर चट्टोपाध्याय हिरासत में लिए गए।

कोलकाता में नीट पेपर लीक विरोध में हंगामा (फोटो-पीटीआई)

कोलकाता में नीट पेपर लीक विरोध में हंगामा (फोटो-पीटीआई)

HighLights

  1. नीट लीक विरोध में टीएमसीपी का कोलकाता में धरना।

  2. पुलिस से झड़प, कुणाल घोष और वैश्वानर चट्टोपाध्याय हिरासत में।

  3. कलकत्ता हाई कोर्ट ने रैली की अनुमति देने से इनकार किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के विरोध में शनिवार को ममता बनर्जी समर्थक तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) के कार्यकर्ताओं के धरने के दौरान कोलकाता के पद्मपुकुर इलाके में भारी हंगामा हुआ।

पुलिस ने वहां से टीएमसीपी कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस ने तृणमूल नेता कुणाल घोष व वैश्वानर चट्टोपाध्याय को हिरासत में ले लिया। इसकी खबर मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पार्टी के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन के साथ वहां पहुंचीं।

ममता खेमे का दावा है कि पुलिस ने पहले पद्मपुकुर से मौलाली तक रैली निकालने की अनुमति दी थी, लेकिन बाद में वापस ले लिया गया। इसके बाद टीएमसीपी ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया। शनिवार को अवकाश के दिन भी इस मामले पर सुनवाई हुई। अदालत ने रैली की अनुमति देने से इन्कार कर दिया।

न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने कहा कि शुक्रवार को वामपंथी छात्र संगठनों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई अशांति को देखते हुए मौजूदा परिस्थितियों में रैली की अनुमति नहीं दी जा सकती।

अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने पद्मपुकुर में जमा टीएमसीपी कार्यकर्ताओं को हटाना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस और उनके बीच धक्का-मुक्की हुई और कुणाल घोष व वैश्वानर चट्टोपाध्याय को गिरफ्तार किया।

ममता ने उन्हें हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यदि दोनों को नहीं छोड़ा गया तो वह खुद कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार जाएंगी, हालांकि वह लालबाजार नहीं गईं और अपने घर लौट गईं। घर पहुंचकर फेसबुक लाइव में ममता ने आरोप लगाया कि अदालत के आदेश के बाद वहां रैली निकालने की कोई योजना नहीं थी।

टीएमसीपी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे थे। पुलिस ने उन्हें जबरन हटाया और पार्टी के झंडे फाड़े। ममता ने पुलिस पर अपने साथ भी दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।

सोमवार को दिल्ली जाएंगी ममता

ममता सोमवार को काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के समर्थन में दिल्ली जाएंगी। शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है, जो सीजेपी की प्रमुख मांगों में शामिल था। इसके बावजूद ममता ने कहा कि वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली जाएंगी।

यह भी पढ़ें- बंगाल में ग्राम प्रधानों की वित्तीय शक्तियों पर लगाम, विधानसभा में पंचायत संशोधन विधेयक पारित