राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का बड़ा एक्शन, TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ FIR की सिफारिश
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है। आयोग ने पाया ...और पढ़ें

अल्पसंख्यक आयोग ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ एफआईआर की सिफारिश की।
HighLights
अल्पसंख्यक आयोग ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ एफआईआर की सिफारिश की।
मोइत्रा ने मुस्लिम अधिकारियों पर धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया था।
जांच में अधिकारियों ने धार्मिक भेदभाव के आरोपों को नकारा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने ममता तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने की सिफारिश की है। आयोग ने कहा कि महुआ ने तीन मुस्लिम अधिकारियों को लेकर उसके सामने गलत तथ्य रखे। महुआ ने आरोप लगाया था कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल दौरों के दौरान तीन मुस्लिम अधिकारियों को उनके धर्म के आधार पर सरकारी कार्यक्रमों से दूर रखा गया था।
आयोग के अनुसार उसकी जांच में तीनों अधिकारियों ने धार्मिक भेदभाव के आरोप से इन्कार किया है। आयोग ने बंगाल के पुलिस महानिदेशक से शिकायत के स्रोत और आरोपों के उद्देश्य की स्वतंत्र जांच करने की सिफारिश की है। महुआ ने गत एक सितंबर को आरोप लगाया था कि जुलाई व अगस्त में शाह के बंगाल दौरों के दौरान सिलीगुड़ी के पुलिस आयुक्त सैयद वकार रजा, विशेष कार्य बल के प्रमुख जावेद शमीम और वरिष्ठ आइएएस अधिकारी खलील अहमद को उनकी धार्मिक पहचान के कारण अलग रखा गया।
वकार रजा को उच्चाधिकारियों की अगवानी करने वालों की सूची से बाहर रखा गया, जावेद शमीम को शाह के कार्यक्रमों में नहीं बुलाया गया और खलील अहमद को उच्च स्तरीय सरकारी बैठक से बाहर जाने को कहा गया। शिकायत मिलने के बाद आयोग ने मामले की जांच की।
आयोग के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल, उपाध्यक्ष एस मुनवारी बेगम और उप सचिव ने गत पांच अक्टूबर को कोलकाता में तीनों अधिकारियों के बयान दर्ज किए। आयोग के अनुसार, तीनों अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें धर्म के आधार पर किसी भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ा और उनके विरुद्ध धार्मिक पहचान के आधार पर कोई निर्देश जारी नहीं हुआ।
तीनों अधिकारियों के बयान की वीडियो रिकार्डिंग भी की गई है। आयोग ने यह भी कहा कि महुआ से अपना पक्ष रखने के लिए कई बार संपर्क किया गया, लेकिन वह सुनवाई में उपस्थित नहीं हुईं।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर से विमान से बंगाल लाए गए 150 बांग्लादेशी घुसपैठिए, डिटेंशन कैंप में रखा गया
