'हिम्मत है तो मेरी छाती पर बुलडोजर चलाओ', अभिषेक के आवास पर हमले से भड़कीं ममता बनर्जी
अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर हिंसक टकराव के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा और कालीघाट पुलिस को कठघरे में खड़ा किया।

पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी। (फाइल फोटो।)
HighLights
अभिषेक बनर्जी के आवास पर हिंसक टकराव हुआ।
ममता बनर्जी ने भाजपा और पुलिस पर आरोप लगाए।
अवैध पूजा अनुमति पर सवाल, बुलडोजर चलाने की चुनौती।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर शुक्रवार रात हुए हिंसक टकराव के बाद शनिवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने इस घटना को लेकर भाजपा और कालीघाट पुलिस को कठघरे में खड़ा किया।
साथ ही अपने आवास पर होने वाली कालीपूजा में लोगों के पहुंचने का रास्ता रोकने के लिए सड़क के मोड़ पर नई पूजा आयोजित करने और उसे कथित तौर पर अवैध अनुमति देने का आरोप लगाया। ममता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, ''हिम्मत है तो मेरी छाती पर बुलडोजर चलाओ।''
घटना में कई लोग घायल
शुक्रवार रात अभिषेक के समर्थकों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते धक्कामुक्की, ईंटबाजी और हिंसक संघर्ष में बदल गई। अभिषेक ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने उनके कार्यालय में भी तोड़फोड़ की और कील लगे डंडों से हमला किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज कर दोनों पक्षों को तितर-बितर करना पड़ा। घटना के विरोध में अभिषेक ने रात में अपने आवास के सामने धरना भी दिया। शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वह घर के भीतर गए।
'उपद्रवियों को लेकर किया गया हमला'
घटनास्थल पर पहुंचीं ममता ने रात तीन बजे हमला किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब लोग सो रहे थे, तब उपद्रवियों को लेकर हमला क्यों किया गया? उन्होंने कालीघाट थाने के प्रभारी बलाइ बाग के व्यवहार और कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि अभिषेक की शिकायत पर थाना प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
ममता ने कहा, ''सरकार का समर्थन कीजिए, लेकिन निष्पक्षता बनाए रखिए। मैं जानती हूं कि सरकार के अधीन पुलिस कैसे काम करती है। सीमा पार हुई तो कुछ फर्क पड़ेगा। मैं खुद सुप्रीम कोर्ट जाकर खड़ी हो जाऊंगी।''
ममता बनर्जी ने दी चेतावनी
थाना प्रभारी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी शक्तियों और पदोन्नति के बारे में वह सब जानती हैं। साथ ही चेतावनी दी कि जनाक्रोश का विस्फोट होने पर उसे रोकना मुश्किल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर की पूजा में लोगों को आने से रोकने के उद्देश्य से सड़क के मोड़ पर नई पूजा कराई जा रही है, जबकि इसकी अनुमति भी कथित तौर पर अवैध तरीके से दी गई है।
उन्होंने पुलिस से रास्ता खुला रखने और पूजा में बाधा नहीं आने देने की मांग की। ममता ने महिलाओं से अपने इलाके से लेकर पूरे राज्य तक अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील भी की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।