विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौकरानी के घर में दो नौकरानियां... शाही ठाठ ने कोलकाता में खोला 50 लाख रुपये के गहनों की चोरी का राज

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:30 AM (GMT+05:30)

दक्षिण कोलकाता में एक बैंक मैनेजर के घर से 50 लाख रुपये के सोने के गहनों की चोरी का खुलासा नौकरानी रूपा सांत्रा की आलीशान जीवनशैली से हुआ।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. नौकरानी की आलीशान जीवनशैली ने 50 लाख की चोरी का राज खोला।

  2. बैंक मैनेजर के घर से सोने के गहनों की चोरी हुई।

  3. नौकरानी रूपा और लिव-इन पार्टनर उत्तम मंडल गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में एक बैंक मैनेजर के घर से करीब 50 लाख रुपये के सोने के गहनों की चोरी का रहस्य नौकरानी की आलीशान जीवनशैली ने खोल दिया। करीब डेढ़ महीने की जांच के बाद हरिदेवपुर थाने की पुलिस ने नौकरानी रूपा सांत्रा और उसके लिव-इन पार्टनर उत्तम मंडल को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि रूपा घर से धीरे-धीरे गहने चुराकर उत्तम को सौंपती थी। उत्तम कुछ गहने बेच देता था, जबकि बाकी गहनों को गलवाकर नए आभूषण बनवाए जाते थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेहला के शाखेर बाजार के पास रहने वाले एक बैंक मैनेजर के घर में दो नौकरानियां काम करती थीं। इनमें रूपा पिछले पांच वर्षों से काम कर रही थी। अक्टूबर की शुरुआत में परिवार ने अलमारी खोली तो लाकर से सोने के सभी गहने गायब मिले।

नौकरानी की गतिविधियों पर रखी गई नजर

शिकायत मिलने पर पुलिस ने दोनों नौकरानियों से पूछताछ की, लेकिन दोनों ने चोरी से इन्कार कर दिया। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। दूसरी नौकरानी बस से घर लौटती थी, जबकि रूपा रोजाना कैब से आती-जाती थी। छानबीन में पता चला कि रूपा अपने पति और बच्चों को छोड़कर उत्तम के साथ किराये के फ्लैट में रहती थी। उत्तम भी पत्नी और बच्चों से अलग रह रहा था।

नौकरानी ने घर में रखी हुई थीं दो नौकरानियां

पुलिस को पता चला कि रूपा और उत्तम पिछले कुछ महीनों में किराये की कार से कई बार मंदारमणि घूमने गए थे। दोनों तारापीठ और पुरी भी गए थे। हैरानी की बात यह थी कि रूपा ने अपने घर में भी दो नौकरानियां रखी थीं, जिन्हें वह मोटा वेतन देती थी। वहीं, उत्तम कोई नियमित काम नहीं करता था।

इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि उत्तम ने हाल में एक दुकान पर पुराने सोने के गहने गलवाकर नए आभूषण बनवाए थे। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने दोनों के घर की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में सोने के गहने और नकदी बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर चोरी के गहनों और उनसे प्राप्त रकम का पूरा हिसाब जुटाने में लगी है।

यह भी पढ़ें: 'मुक्ति दे दी', कोलकाता में बेटे ने गला घोंटकर मां की हत्या के बाद पुलिस को फोन कर बताई करतूत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।