विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कर्सियांग : तीस्ता की कल-कल और सफेद आर्किड का जादुई संसार

By Alok RaiEdited By: Sakshi Gupta
Published: Fri, 13 Nov 2026 06:48 PM (IST)

सिलीगुड़ी से करीब 40 किमी दूर कर्सियांग, अपनी प्राकृतिक सुंदरता, तीस्ता नदी, चाय बागानों और सफेद आर्किड फूलों के लिए प्रसिद्ध है, जिसे 'सफेद फूलों की धरती' भी कहते हैं।

कर्सियांग: लैंड ऑफ व्हाइट आर्किड

कर्सियांग: लैंड ऑफ व्हाइट आर्किड

HighLights

  1. सफेद आर्किड फूलों के कारण 'सफेद फूलों की धरती' कहलाता है।

  2. यूनेस्को विश्व विरासत दार्जिलिंग टॉय ट्रेन का अनुभव लें।

  3. ईगल्स क्रैग, डाउ हिल, चाय बागान प्रमुख दर्शनीय स्थल।

आलोक राय, सिलीगुड़ी। शहर के कोलाहल, भीड़भाड़ और प्रदूषण से दूर प्रकृति के नैसर्गिक सौंदर्य को यदि आप करीब से महसूस करना चाहते हैं तो बंगाल के दार्जिलिंग जिले के कर्सियांग आएं।
 
मनमोहती तीस्ता नदी, हरियाली से आच्छादित पहाड़, चहचहाते परिंदे, कंचनजंघा की चोटी का बेमिसाल नजारा व लहलहाते चाय बागान आपके अंतस को सुकून देंगे।
 
समुद्र तल से करीब 1,482 मीटर ऊंचाई पर स्थित कर्सियांग की सबसे बड़ी खासियत है आर्किड कोयलोजीन क्रिस्टाटा। इसके फूलों की सफेद पंखुड़ियां और बीच में सुनहरे रंग के पुंकेसर हर सैलानी का मन मोह लेते हैं।
kursiong 04
 
फरवरी से अप्रैल के बीच खिलने वाले ये फूल हर ओर दिखते हैं, इसी कारण इसे सफेद फूलों की धरती भी कहा जाता है। आर्किड में दिलचस्पी रखने वाले वनस्पति विज्ञानियों व छात्रों के लिए यहां ज्ञान का भंडार भी है।

सिलीगुड़ी से कर्सियांग की दूरी करीब 40 किमी है। सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग वाले मार्ग पर बढ़ते ही सुकना इलाका मिलेगा। यहां से ही पहाड़ियों की खूबसूरती आपको दिखने लगेगी।

वन्यजीवों और पक्षियों की अनेक प्रजातियों से यह पूरा इलाका समृद्ध है। रास्ते में जगह-जगह होटल और कैफे भी उपलब्ध हैं। यहां शाकाहारी व मांसाहारी पहाड़ी भोजन पर्यटकों को एक अलग ही अनुभव देता है। यहां कुछ देर ठहरकर यात्रा की थकान मिटा सकते हैं। इसके बाद फिर आगे बढ़िये।
kursiong 1

यादगार होगी ट्वाय ट्रेन की यात्रा 

दार्जिलिंग के लिए सिलीगुड़ी से ट्वॉय ट्रेन भी उपलब्ध है। यह ट्रेन कर्सियांग होकर ही जाती है। इस ट्रेन में सफर का हर लम्हा सैलानियों के लिए अविस्मरणीय होता है।
 
आप इससे जब लैंड ऑफ व्हाइट आर्किड पहुंचेंगे तो इस तरह की दुनिया मिलेगा, जहां से वापस आने का मन ही नहीं करेगा। जान लें कि इस ट्रेन को यूनेस्को ने विश्व विरासत का दर्जा भी दिया है।

कर्सियांग में हैं अनेक दर्शनीय स्थल 

ईगल्स क्रैग : रेलवे स्टेशन के पास ऊंची पहाड़ी पर ईगल्स क्रैग है। इससे व्यू प्वाइंट तीस्ता नदी, हरी-भरी घाटियां और कंचनजंघा पर्वत का शानदार नजारा देख आप पुलकित हो उठेंगे। यहां अस्त होते सूर्य को देखने पर्यटकों की भीड़ जुटी रहती है।

डाउ हिल : डाउ हिल चीड़ के जंगलों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यहां इको और हिरण पार्क भी है। इस इलाके में काले तेंदुए भी हैं। इसके अलावा नेताजी सुभाष चंद्र बोस म्यूजियम है। यहां नेताजी को फिरंगी सरकार ने नजरबंद करके रखा था। नेताजी के जीवन से जुड़ी तस्वीरें और दस्तावेज यहां सहेज कर रखे गए हैं। 

पगलाझोड़ा झरनाः  गिद्धा पहाड़ के समीप पगलाझोड़ा झरना है। पहाड़ी से गिरती पानी की धारा और उसका शोर पर्यटकों को खूब भाता है। हर आने वाला यहां सेल्फी जरूर लेता है, ताकि इन पलों को कैमरे में कैद कर सके। वहीं, कर्सियांग के पास चिमनी गांव भी देखने सैलानी पहुंचते  हैं, जहां ब्रिटिश काल की करीब 100 साल पुरानी चिमनी बनी है।

मकाईबाड़ी चाय बागान : मकाईबाड़ी चाय बागान दुनिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित चाय बागानों में से एक है। पहाड़ों की ढलान पर हरी पत्तियों से भरपूर चाय के पौधे हैं। पत्तियां तोड़ती कामगारों को देख समझ सकते हैं कि आपके प्याले तक पहुंचने वाली चाय को तैयार करने में कितनी मेहनत लगती है।
kursiong 2

ऐसे पहुंचें कर्सियांग : 

कर्सियांग जाने के लिए आपको सिलीगुड़ी या जलपाईगुड़ी पहुंचना होगा। यहां वायु, रेल और सड़क मार्ग से आ सकते हैं। दिल्ली से यहां तक के लिए राजधानी समेत कई ट्रेनें हैं। इसके अलावा बागडोगरा एयरपोर्ट पर आप वायु मार्ग से पहुंच सकते हैं।
 
सिलीगुड़ी से कर्सियांग तक टैक्सी व बस आदि सेवाएं भी उपलब्ध हैं। दार्जिलिंग ट्वॉय ट्रेन से भी आप यहां पहुंच सकते हैं। यहां ठहरने के लिए होटल व होम स्टे उपलब्ध हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।