सौर ऊर्जा योजना में बंगाल फिसड्डी; 92 हजार आवेदन पर महज 12,894 घरों में लगे संयंत्र
बंगाल सौर ऊर्जा योजना 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली' के क्रियान्वयन में काफी पीछे है। राज्य में 92 हजार से ...और पढ़ें

सोलर ऊर्जा योजना में पिछड़ा बंगाल। (फाइल फोटो।)
HighLights
बंगाल सौर ऊर्जा योजना में राष्ट्रीय औसत से काफी पिछड़ा।
92 हजार आवेदनों पर केवल 12,894 सौर संयंत्र स्थापित।
नेट मीटरिंग और धीमी क्रियान्वयन प्रक्रिया बनी मुख्य बाधा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। सौर ऊर्जा योजना में बंगाल फिसड्डी साबित हो रहा है। घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है, लेकिन बंगाल में इस योजना का लाभ उठाने वाले परिवारों की संख्या अब भी बेहद कम है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य में आवेदन तो बड़ी संख्या में आए, लेकिन उन्हें वास्तविक इंस्टालेशन में बदलने की रफ्तार कमजोर बनी हुई है। राष्ट्रीय पोर्टल के 11 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, बंगाल में 92,695 आवेदन के मुकाबले केवल 12,894 सौर संयंत्र स्थापित हुए हैं। यानी आवेदन करने वाले परिवारों में महज 14 प्रतिशत तक ही योजना का लाभ पहुंचा है, जबकि राष्ट्रीय औसत करीब 63 प्रतिशत है।
इंस्टालेशन के मामले में बंगाल देश के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 21वें स्थान पर है। पड़ोसी राज्यों से तुलना करें तो स्थिति और चिंताजनक है। ओडिशा में 2,84,528 और असम में 2,06,858 संयंत्र स्थापित हो चुके हैं।
यानी ओडिशा में बंगाल से करीब 22 गुना और असम में 16 गुना अधिक इंस्टालेशन हुए हैं। बिहार में भी 56,621 संयंत्र लग चुके हैं। इससे स्पष्ट है कि बंगाल में केवल जागरूकता बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि योजना के क्रियान्वयन में मौजूद बाधाओं को दूर करना भी जरूरी है।
शुरुआत में ही पिछड़ गया योजना का क्रियान्वयन
केंद्र सरकार ने फरवरी 2024 में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की थी। हालांकि, बंगाल में शुरुआत से ही इसका क्रियान्वयन अपेक्षित गति से नहीं हुआ। दिसंबर 2024 में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कोलकाता में समीक्षा बैठक के दौरान नेट मीटरिंग की व्यवस्था को योजना के विस्तार में प्रमुख बाधा बताया था।
उस समय संसद में दिए गए जवाब के अनुसार, 10 दिसंबर 2024 तक राज्य में 25,449 आवेदन के मुकाबले केवल 283 संयंत्र लगे थे। बिजली वितरण कंपनियों की ओर से किसी भी संयंत्र का निरीक्षण और अनुमोदन नहीं हुआ था, जिसके कारण सब्सिडी का भुगतान भी नहीं हो सका था।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (डब्लूबीएसईडीसीएल) के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए केंद्रीय योजना 19 मई 2026 को लागू हुई। इससे पहले मुख्य रूप से सीईएससी क्षेत्र के उपभोक्ता ही इसका लाभ उठा पा रहे थे। इस देरी का असर राज्य में योजना के विस्तार पर पड़ा।
वेंडर नेटवर्क और मंजूरी की प्रक्रिया भी चुनौती
योजना लागू होने के बाद भी आवेदन से इंस्टालेशन तक की प्रक्रिया में कई अड़चनें हैं। सौर संयंत्र लगाने के लिए अधिकृत वेंडर, प्रशिक्षित तकनीशियन, तकनीकी मंजूरी और नेट मीटरिंग की व्यवस्था जरूरी है। अगस्त 2026 में डब्लूबीएसईडीसीएल और आरईसी की ओर से कोलकाता में राष्ट्रीय वेंडर बैठक आयोजित करना भी इस नेटवर्क को मजबूत करने की जरूरत को दर्शाता है।
बैठक में वेंडरों की भागीदारी बढ़ाने और पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया था। योजना के तहत एक किलोवाट के संयंत्र पर 30 हजार, दो किलोवाट पर 60 हजार और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये की केंद्रीय सहायता मिलती है। हालांकि, यह राशि संयंत्र लगाने और सत्यापन के बाद मिलती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।