बंगाल में ठंड की राह में रोड़ा बने तीन चक्रवात, कोलकाता में दो दिन और होगी बारिश; फिर धूप निकलते ही बढ़ेगी ठंड
चक्रवात 'अकवान' के कमजोर पड़ने के बावजूद कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में सोमवार तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।

कोलकाता में दो दिन और होगी बारिश (फोटो-एएनआइ)
HighLights
सोमवार तक दक्षिण बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश।
चक्रवात 'अकवान' निम्न दबाव के क्षेत्र में बदला।
बारिश के बाद कोलकाता में पारा गिरेगा, ठंड बढ़ेगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चक्रवात ‘अकवान’ कमजोर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल चुका है, हालांकि इसका असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में सोमवार तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है लेकिन उसके बाद जैसे ही आसमान साफ होकर धूप निकलनी शुरू होगी, उत्तर-पश्चिम से ठंडी हवाएं बंगाल में प्रवेश करने लगेंगी।
बंगाल के चक्रवातों के बाद अब बदलेगा मौसम
अलीपुर मौसम कार्यालय के अधिकारी एचआर बिश्वास ने दैनिक जागरण को बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक के बाद एक उत्पन्न तीन चक्रवातों अर्णब, मुरासु व अकवान के कारण बनीं मौसमी परिस्थितियां बंगाल में ठंड की राह में रोड़ा बनी थीं।
अब मौसम साफ होने पर जब धूप निकलनी शुरू होगी, तब कोलकाता समेत पूरे बंगाल में पारा गिरना शुरू हो जाएगा, हालांकि तुरंत बहुत अधिक ठंड पड़ने की संभावना नहीं है।
कोलकाता में नवंबर में सामान्य न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहता है। कोलकाता में शनिवार को न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। मौसम साफ होने पर न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर पहुंच जाएगा।