विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चुनौती को चुनौती देना मेरी आदत', पीएम मोदी ने IIT खड़गपुर में युवाओं को किया संबोधित

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:45 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया।

पीएम मोदी ने आइआइटी खड़गपुर में युवाओं को किया संबोधित (फोटो-एएनआइ)

पीएम मोदी ने आइआइटी खड़गपुर में युवाओं को किया संबोधित (फोटो-एएनआइ)

HighLights

  1. पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा।

  2. गरीबी उन्मूलन और सेमीकंडक्टर क्षेत्र पर जोर दिया।

  3. IIT खड़गपुर में ₹75 का स्मारक सिक्का जारी किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को आइआइटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में युवाओं से सीमित सोच से बाहर निकलकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

पीएम ने कहा कि मेरे स्वभाव में ही है कि मैं चुनौती को चुनौती दिए बिना रह नहीं सकता। प्रधानमंत्री ने अगले दो दशकों को युवाओं और देश के भविष्य के लिए निर्णायक बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में आज के विद्यार्थियों की अहम भूमिका होगी।

पीएम मोदी ने आइआइटी खड़गपुर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान उस परिसर में स्थापित है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को नजरबंद रखा जाता था। उन्होंने विद्यार्थियों से उस दौर की कल्पना करने को कहा, जब इस स्थान पर बंद स्वतंत्रता सेनानी देश की आजादी और भविष्य को लेकर विचार करते थे।

प्रधानमंत्री के अनुसार, तब यहां स्वशासन का सपना देखा जा रहा था और आज इसी धरती पर तैयार हो रही नई पीढ़ी अपने ज्ञान और नवाचार से देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रही है।

गरीबी से सेमीकंडक्टर तक, बदली सोच के उदाहरण गिनाए

प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक गरीबी को स्थायी समस्या मान लिया गया था। पांच दशक पहले लाल किले से गरीबी हटाने के नारे दिए जाते थे, लेकिन नीतिगत कार्रवाई के समय व्यवस्था फाइलों में उलझी रहती थी।

पीएम ने गरीबों के घरों में शौचालय बनाने की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद में इसका मजाक उड़ाया गया था, जबकि यह गरीब महिलाओं और माताओं की गरिमा तथा सुरक्षा से जुड़ा विषय था। उन्होंने सरकार की नीति को गरीबों को सहायता देने के बजाय उन्हें सशक्त बनाने की कोशिश बताया।

50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए

मोदी ने विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के बीच प्रतिदिन 4.20 डालर की आय सीमा से नीचे रहने वाली आबादी का अनुपात 57.7 प्रतिशत से घटकर 16.1 प्रतिशत रह गया। इस अवधि में करीब 49.6 करोड़ लोग इस गरीबी सीमा से ऊपर आए।

सेमीकंडक्टर क्षेत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि करीब 50 वर्ष पहले भारत में चिप बनाने की कंपनी आई थी, लेकिन तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों में उसे लाल झंडा दिखाकर वापस भेज दिया गया।

पीएम ने कहा कि अब भारत इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और देश में सेमीकंडक्टर इकाइयां स्थापित करने की दिशा में काम हो रहा है। आइआइटी खड़गपुर के पूर्व विद्यार्थियों की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चिप से लेकर जहाज तक देश में निर्माण की क्षमता विकसित करनी है।

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों की भागीदारी को भी बदली हुई नीतिगत सोच का उदाहरण बताया। उन्होंने आइआइटी खड़गपुर के पूर्व विद्यार्थी पवन और उनकी कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस का उल्लेख किया। कहा कि पहले अंतरिक्ष क्षेत्र में अवसर सीमित थे, लेकिन अब निजी कंपनियों और युवा नवाचारकर्ताओं के लिए भी रास्ते खुले हैं।

75 विद्यार्थियों से संवाद, स्मारक सिक्का जारी किया

समारोह में प्रधानमंत्री ने 'विकसित भारत के लिए 75 आवाजें' पहल के तहत संस्थान के 75 विद्यार्थियों से संवाद किया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार रखे।

पीएम मोदी ने सीनेट हाल में कृषि, कपड़ा उद्योग, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस, ड्रोन तकनीक और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े नवाचारों तथा स्टार्टअप के प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान में शुरू हुए स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रम के लिए तैयार बुनियादी ढांचे को भी देखा।

आइआइटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने 75 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। 99.9 प्रतिशत शुद्ध चांदी से बने इस सिक्के का वजन 40 ग्राम और व्यास 44 मिलीमीटर है। इसकी एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और दूसरी तरफ संस्थान के प्लेटिनम जुबली समारोह का प्रतीक चिह्न अंकित है।

उल्लेखनीय है कि 1951 में स्थापित आइआइटी खड़गपुर देश का पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान है। प्रधानमंत्री ने संस्थान की 75 वर्षों की यात्रा को देश के तकनीकी विकास से जोड़ते हुए विद्यार्थियों से 'नेशन फर्स्ट' की भावना के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि संस्थान के शताब्दी समारोह तक भारत विकसित राष्ट्र बन चुका होगा।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी ने ITI के मेधावियों का बढ़ाया हौसला, बोले- यह कभी मत सोचना अकेले हैं, मेरे साथ पूरे करें अपने सपने

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।