विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तृणमूल में बगावत की नई लहर: अभिषेक नहीं, सीधे ममता पर साधा निशाना; कोलकाता नगर निगम में हड़कंप

Published: Tue, 02 Jun 2026 07:49 PM (IST)

कोलकाता नगर निगम के मेयर परिषद सदस्य तारक सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिससे तृणमूल कांग्रेस ...और पढ़ें

तृणमूल में बगावत की नई लहर। (फाइल)

तृणमूल में बगावत की नई लहर। (फाइल)

HighLights

  1. तारक सिंह ने केएमसी मेयर परिषद सदस्य पद से इस्तीफा दिया।

  2. उन्होंने पार्टी नेतृत्व, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर साधा निशाना।

  3. कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और निगम में फैसलों को लागू न करने का आरोप।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से तृणमूल कांग्रेस के भीतर और बाहर बगावती सुर थम रहा है। इंटरनेट मीडिया से लेकर नगर निगम के गलियारों तक, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को खुली चुनौती दी जा रही है। अब इस सिलसिले में मंगलवार एक और बड़ा धमाका हुआ है।

कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के ड्रेनेज विभाग के मेयर परिषद सदस्य (एमएमआइसी) तारक सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले केएमसी के दो बोरो चेयरमैन पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।

तारक सिंह ने हाल ही में कालीघाट में हुई पार्टी की बैठक से दूरी बना ली थी और तीखे तेवर दिखाए थे। जब उनसे बैठक में न जाने का कारण पूछा गया, तो उन्होंने दो टूक कहा कि वहां जाकर क्या करूंगा? जब नगर निगम में मेयर परिषद की बातें ही लागू नहीं हो रहीं, तो उस बंद कमरे में बैठकर मीटिंग करने का क्या फायदा?

पार्टी नेतृत्व पर बोला हमला

तृणमूल कांग्रेस के जन्मकाल से पार्टी से जुड़े और पिछले 20 वर्षों से पार्षद तारक सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हो रहा है, तब नेतृत्व उनकी सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने कहा कि जो नेतृत्व कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा नहीं हो सकता, वह ज्यादा से ज्यादा मुझे पार्टी से निकाल देगा, मुझे इसकी कोई परवाह नहीं है।

चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने साफ कर दिया कि उनका विरोध केवल अभिषेक बनर्जी से नहीं, बल्कि सीधे ममता बनर्जी से है, जिन्होंने अभिषेक को नेता बनाया है। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम को भी कठघरे में खड़ा किया, हालांकि उन्होंने आश्वस्त किया कि वे पद पर न रहकर भी कोलकाता को जलजमाव की समस्या से बचाने के लिए काम करते रहेंगे।

यह भी पढ़ें- ममता के सामने दोहरी चुनौती: एक तरफ विधायक हो रहे बागी, दूसरी तरफ भाजपा को सत्ता से हटाने की खाई कसम