कोलकाता के पाम एवेन्यू की झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग, कई घर जलकर खाक; दमकल की 15 गाड़ियों ने पाया काबू
कोलकाता के पाम एवेन्यू स्थित झुग्गी बस्ती में गुरुवार तड़के भीषण आग लगी। प्लास्टिक गोदाम से भड़की आग पर 15 दमकल गाड़ियों ने काबू पाया।

कोलकाता में झुग्गी बस्ती में लगी आग (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
कोलकाता के पाम एवेन्यू बस्ती में भीषण आग लगी।
प्लास्टिक गोदाम से भड़की आग, 15 दमकल गाड़ियों ने काबू पाया।
कोई हताहत नहीं, लेकिन कई घर जलकर खाक हुए।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के बालीगंज स्थित पाम एवेन्यू इलाके में गुरुवार तड़के एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा इलाका काले धुएं के गुबार से ढक गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में 14 और बाद में एक और इंजन मिलाकर कुल 15 दमकल गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
गोदाम से भड़की आग, सिलिंडर धमाके से फैली दहशत
प्राथमिक जांच के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब चार बजे बस्ती के भीतर स्थित एक प्लास्टिक के गोदाम में सबसे पहले आग लगी, जो तेजी से आसपास की झोपड़ियों में फैल गई। घनी आबादी और संकरा इलाका होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और कई घर जलकर खाक हो गए।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग लगने के दौरान इलाके में गैस सिलिंडर फटने जैसी जोरदार आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई।
समय रहते लोगों को निकाला बाहर, टला बड़ा हादसा
आग लगते ही पहले स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर इसे बुझाने की कोशिश की। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने सबसे पहले घरों के अंदर फंसे निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य आग बुझाने के बाद भी कुछ जगहों पर 'पॉकेट फायर' (सुलगती आग) को पूरी तरह शांत करने के लिए कूलिंग का काम जारी है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के सटीक कारणों और नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।