कोलकाता: युवती के साथ छेड़छाड़ से गुस्साई भीड़ का थाने पर हमला, आरोपी को सौंपने की मांग पर किया बवाल
कोलकाता में करीब 50 लोगों की भीड़ ने एक पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया और छेड़छाड़ के आरोपी को उन्हें सौंपने की मांग की।

करीब 50 लोगों की भीड़ ने पुलिस स्टेशन पर हमला किया (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
करीब 50 लोगों की भीड़ ने पुलिस स्टेशन पर हमला किया
छेड़छाड़ के आरोपी को सौंपने की मांग पर उपद्रव किया
पुलिस ने लाठीचार्ज कर चार हमलावरों को गिरफ्तार किया
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। मंगलवार तड़के करीब 2 बजे लगभग 50 लोगों की भीड़ ने शहर के एक पुलिस स्टेशन परिसर में धावा बोल दिया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और परिसर में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। उनकी मांग थी कि 24 वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को उन्हें सौंप दिया जाए।
पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और हमलावरों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। उपद्रव करने वाले चार लोगों को हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
महिला रात करीब 12:15 बजे घर लौट रही थी, तभी न्यू अलीपुर में तीन लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसका भाई मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों को सतर्क कर दिया।
आरोपियों में से एक, जय कुमार कामथ को पकड़ लिया गया, जबकि बाकी दो लोग भाग गए। पुलिस ने कामथ को हिरासत में ले लिया।
लोगो ने इंस्टेंट जस्टिस की मांग की
महिला को पुलिस स्टेशन बुलाया गया, जहां उसने शिकायत दर्ज कराई। मामला तब और बिगड़ गया जब स्थानीय लोग महिला के साथ पुलिस स्टेशन पहुंच गये।
उन्होंने जबरन परिसर में घुसकर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और कथित छेड़छाड़ करने वाले को खुद ही सजा देने की कोशिश की। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।
मंदसौर में बरगद के पेड़ में मिला बच्ची का शव
उधर मध्य प्रदेश के मंदसौर में भी मंगलवार को एक बरगद के पेड़ के खोखले हिस्से में लापता बच्ची का शव मिला। पुलिस को यौन उत्पीड़न और हत्या का शक है।
इस मामल में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। शव मिलने के बाद, परिवार के सदस्य पुलिस स्टेशन पहुंचे और मांग की कि संदिग्धों को उन्हें सौंप दिया जाए।
यह भी पढ़ें- कोलकाता: दुष्कर्म के आरोपी TMC विधायक परेशराम दास गिरफ्तार, एयरपोर्ट से एसओजी ने पकड़ा