कोलकाता: दुष्कर्म के आरोपी TMC विधायक परेशराम दास गिरफ्तार, एयरपोर्ट से एसओजी ने पकड़ा
दुष्कर्म सहित कई गंभीर आरोपों का सामना कर रहे तृणमूल विधायक परेशराम दास को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।

TMC विधायक परेशराम दास गिरफ्तार।
HighLights
तृणमूल विधायक परेशराम दास कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार।
दुष्कर्म सहित कई गंभीर आरोपों का सामना कर रहे।
पंचायत चुनाव हिंसा और जमीन हड़पने के भी आरोप।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दुष्कर्म समेत कई गंभीर आरोपों का सामना कर रहे तृणमूल विधायक परेशराम दास को सोमवार को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, कैनिंग पश्चिम के विधायक मुंबई जाने की कोशिश कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर विशेष आपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने उनका पीछा किया और विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के सहयोग से उन्हें नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ लिया। पुलिस का आरोप है कि वह जांच से बचने के लिए शहर छोड़ना चाहते थे।
पुलिस के मुताबिक, कैनिंग थाने में पांच सितंबर को दर्ज केस संख्या 561/2026 में उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 323, 420, 120बी और 506 के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद उन्हें बारुईपुर जिला पुलिस मुख्यालय ले जाया गया। मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। विधायक पर 2023 के पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में भी आरोप हैं।
मातला नदी के किनारे जमीन पर कब्जा कर आश्रम बनाने की शिकायत भी हुई थी। पंचायत चुनाव में नामांकन के दौरान हिंसा के मामले में सीआइडी ने उन्हें तलब किया था। पूछताछ के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एसएसकेएम अस्पताल ले जाना पड़ा था।