कोलकाता के छह हजार छात्रों को मिला 'तिथि भोजन' का खास तोहफा, मिड-डे मील में मिले चिकन और रसगुल्ले
कोलकाता के सरकारी स्कूलों में 'तिथि भोजन' पहल के तहत 6,000 छात्रों को विशेष मिड-डे मील परोसा गया। इस पहल में चिकन, रसगुल्ले जैसे पसंदीदा पकवान शामिल थे।

6000 बच्चों को मिड-डे मील में मिले चिकन और रसगुल्ले (एआई इमेज)।
HighLights
कोलकाता के 6,000 छात्रों को 'तिथि भोजन' के तहत विशेष मिड-डे मील।
बच्चों को चिकन, रसगुल्ला और आइसक्रीम जैसे पसंदीदा पकवान परोसे गए।
निजी बैंक के सीएसआर सहयोग से 30 स्कूलों में यह पहल हुई।
जागरण संवाददाता कोलकाता। कोलकाता के सरकारी स्कूलों के मिड-डे मील (पीएम पोषण योजना) में एक खास बदलाव देखने को मिला। स्कूल शिक्षा विभाग की 'तिथि भोजन' पहल के तहत शहर के स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 6,000 छात्र-छात्राओं के लिए विशेष दोपहर के भोजन का आयोजन किया गया।
रोजाना मिलने वाले साधारण खाने के बजाय बच्चों की थाली में इस बार उनके पसंदीदा पकवान परोसे गए। विशेष मेन्यू में दाल-चावल के साथ चिकन (मुर्गा), आलू भाजा, चटनी, पापड़, रसगुल्ला और आइसक्रीम शामिल थे।
सीएसआर पहल से 30 स्कूलों को मिला लाभ
एक निजी बैंक के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) कार्यक्रम के सहयोग से इस भव्य भोज का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, इस अभियान में बेलतला गर्ल्स हाई स्कूल, बेहाला गर्ल्स हाई स्कूल, बेहाला ब्लाइंड हाई स्कूल, अरविंद बसु नगर विद्यापीठ और बीटी रोड हाई स्कूल सहित कुल 30 स्कूलों के लगभग छह हजार बच्चों को यह विशेष भोजन खिलाया गया।
बीटी रोड हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका संघमित्रा भट्टाचार्य ने बताया कि रोज के सामान्य खाने से अलग स्वादिष्ट व्यंजन पाकर बच्चे बेहद खुश और उत्साहित नजर आए।
जनभागीदारी से योजना को विस्तार देने का लक्ष्य
इस कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग और पीएम पोषण परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों का मानना है कि 'तिथि भोजन' का मुख्य उद्देश्य किसी खास अवसर या दिन पर बच्चों के नियमित भोजन में अतिरिक्त पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजन जोड़ना है। विभाग ने उम्मीद जताई है कि सरकारी प्रयासों के साथ-साथ यदि अन्य निजी संस्थान और आम नागरिक भी आगे आएं, तो इस पहल को और बड़े स्तर पर सफल बनाया जा सकता है।