विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मैं चुनौती को चुनौती दिए बिना रह नहीं सकता', IIT खड़गपुर की 75वीं वर्षगांठ पर बोले पीएम मोदी

Published: Sat, 21 Nov 2026 12:11 PM (IST)Updated: Sat, 21 Nov 2026 01:03 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शिरकत की, जहाँ उन्होंने 'विकसित भारत' के लक्ष्य में संस्थान के 75 वर्षों के अनुभव की अहम भूमिका पर जोर दिया। 

IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में पीएम मोदी (एएनआई)।

IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में पीएम मोदी (एएनआई)।

HighLights

  1. पीएम मोदी IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल हुए।

  2. 'विकसित भारत' के लक्ष्य में संस्थान का अनुभव अहम होगा।

  3. पीएम ने कहा, मैं चुनौतियों को चुनौती दिए बिना नहीं रहता।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत से प्रेरणा लेकर जीवन की चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका डटकर मुकाबला करने और देश के विकास में अपनी प्रतिभा का इस्तेमाल करने का आह्वान किया।

बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरे स्वभाव में ही है कि मैं चुनौती को चुनौती दिए बिना रह नहीं सकता। उन्होंने युवाओं को मुश्किल परिस्थितियों में भी हार नहीं मानने और उनसे आगे निकलने का संदेश दिया।

बंगाल की गौरवशाली विरासत का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने आईआईटी खड़गपुर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और बंगाल की गौरवशाली विरासत का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस धरती ने विचारों को जन्म दिया है और राष्ट्रीय आंदोलनों को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद

जिस स्थान पर आज देश का प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान खड़ा है, वहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को नजरबंद करके रखा जाता था। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को उस दौर की कल्पना करने के लिए प्रेरित किया कि वहां बंद स्वतंत्रता सेनानी दिनभर किन विषयों पर चर्चा करते होंगे और देश की आजादी को लेकर क्या सोचते होंगे।

IIT खड़गपुर का ऐतिहासिक महत्व

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर का परिसर केवल तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान का केंद्र नहीं है, बल्कि इसका अपना ऐतिहासिक महत्व भी है। इस भूमि पर स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों, संघर्षों और गतिविधियों की गूंज आज भी महसूस की जा सकती है। यह विरासत विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का मंत्र है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को संस्थान के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेते हुए देश के भविष्य को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

स्मारक सिक्के का भी अनावरण

प्रधानमंत्री ने संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष स्मारक सिक्के का अनावरण भी किया। समारोह में प्रधानमंत्री ने संस्थान की यात्रा को याद करते हुए 'विकसित भारत के लिए 75 आवाजें' पहल के तहत 75 विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इस कार्यक्रम के जरिए संस्थान की 75 वर्षों की यात्रा और देश के भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया।

इससे पहले उन्होंने संस्थान की ओर से विकसित कम लागत वाली उन्नत चिकित्सा तकनीकों और दूरदराज के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने वाले नवाचारों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इन तकनीकों का उद्देश्य आम लोगों तक सस्ती और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।

1951 में हुई थी IIT खड़गपुर की स्थापना

उल्लेखनीय है कि IIT खड़गपुर की स्थापना 1951 में हुई थी। यह देश का पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान है। तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में इस संस्थान ने देश को कई प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ और उद्यमी दिए हैं।

प्लेटिनम जुबली समारोह इसी गौरवशाली यात्रा का उत्सव है। समारोह में बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार भी मौजूद रहेंगे।

क्या कोलाथुर में होगी एमके स्टालिन की वापसी? पूर्व सीएम को हराने वाले TVK विधायक के निधन के बाद उपचुनाव की अटकलें तेज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।