विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता मेडिकल कॉलेज में हंगामा, स्वास्थ्य मंत्री की सख्त चेतावनी; इंटर्न का पंजीकरण होगा रद

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:55 PM (IST)

स्वास्थ्य मंत्री ने कोलकाता मेडिकल कॉलेज में इंटर्न के हंगामे पर कड़ा रुख अपनाया है, चिकित्सा सेवाएं बाधित करने पर पंजीकरण रद करने की चेतावनी दी है।

कोलकाता मेडिकल कॉलेज में हंगामा (फोटो-एएनआइ)

कोलकाता मेडिकल कॉलेज में हंगामा (फोटो-एएनआइ)

HighLights

  1. स्वास्थ्य मंत्री ने इंटर्न के हंगामे पर कड़ा रुख अपनाया।

  2. चिकित्सा सेवाएं बाधित करने पर पंजीकरण रद्द करने की चेतावनी।

  3. सीसीटीवी से 10-15 इंटर्न की पहचान, जांच समिति गठित।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता मेडिकल कॉलेज में आठ इंटर्न को शोकाज करने के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन अब सरकार और जूनियर चिकित्सकों के बीच टकराव का रूप लेता दिख रहा है।

बुधवार को कॉलेज परिसर में हुए हंगामे, तोड़फोड़ और शिक्षकों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखोपाध्याय ने गुरुवार को कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं बाधित कर आंदोलन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कानून तोड़ने वालों का पंजीकरण तक रद किया जा सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि हंगामे में शामिल 10-15 इंटर्न की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की गई है। उन्होंने इस घटना के पीछे अतिवामपंथी और नक्सलपंथी विचारधारा से जुड़े तत्वों का हाथ होने का आरोप लगाया।

मंत्री के अनुसार, प्रिंसिपल, एमएसवीपी, प्रोफेसरों और विभागाध्यक्षों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया तथा उन पर हमले भी हुए। परिसर में ईंट-पत्थर फेंककर खिड़कियों के शीशे तोड़ने की बात भी उन्होंने कही। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

तीन चिकित्सकों की समिति करेगी जांच

स्वास्थ्य भवन ने पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें डा. दिवाकर हालदार, डॉ. शुभंकर दे और डॉ. दीपंकर राय शामिल हैं।

समिति शुक्रवार को पहली बैठक करेगी। उसे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट देने को कहा गया है। बाहरी लोगों की भूमिका की भी जांच होगी। जरूरत पड़ने पर कोलकाता पुलिस के डीसी (सेंट्रल) की मदद ली जाएगी।

इससे पहले गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के एमएसवीपी इंद्रनील चट्टोपाध्याय को स्वास्थ्य भवन बुलाकर बैठक की। इसमें स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक इंद्रजीत साहा और स्वास्थ्य निदेशक स्वपन सोरेन भी उपस्थित थे।

कॉलेज के प्रिंसिपल इंद्रनील विश्वास बैठक में नहीं पहुंचे। एमएसवीपी के अनुसार, अस्वस्थता के कारण वह छुट्टी पर हैं और फिलहाल डीन अरूप चक्रवर्ती प्रिंसिपल कार्यालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

आठ इंटर्न के शोकॉज से शुरू हुआ विवाद

पूरे विवाद की शुरुआत चोरबागान हादसे के बाद हुई। दुर्गापूजा की सप्तमी को वहां भगदड़ में 19 लोगों की मौत हुई थी। घायलों और मृतकों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज लाया गया था। इसके बाद कुछ जूनियर चिकित्सकों ने अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और दवाओं की कमी को लेकर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए थे।

इस बयान को अनुशासनहीनता मानते हुए आठ इंटर्न को शोकॉज किया गया था। इसी कार्रवाई के विरोध में जूनियर चिकित्सकों ने बुधवार को प्रिंसिपल और विभागाध्यक्षों का घेराव किया।

आंदोलनकारियों का आरोप है कि इसी दौरान एबीवीपी के राज्य सचिव नीलकंठ भट्टाचार्य और एनएमओ समर्थकों का एक समूह परिसर में पहुंचा और उनके साथ झड़प हुई। वहीं, एबीवीपी और एनएमओ ने हमले तथा तोड़फोड़ के आरोपों से इनकार किया है।

प्रिंसिपल इंद्रनील विश्वास ने बुधवार रात अस्पताल परिसर छोड़ने से पहले पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। इसमें घेराव के दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश और तोड़फोड़ का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने भी अज्ञात लोगों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। दूसरी ओर, जूनियर चिकित्सकों ने गुरुवार को घटना के विरोध में सभा की। बारिश के कारण अस्पताल परिसर के बजाय जनरल लेक्चर थिएटर में हुई इस सभा को कई चिकित्सक संगठनों का समर्थन मिला।

यह भी पढ़ें- बंगाल में किसानों का पूरा फसल बीमा प्रीमियम भरेगी शुभेंदु सरकार, 23 नवंबर की कैबिनेट में लगेगी अंतिम मुहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।