बंगाल में किसानों का पूरा फसल बीमा प्रीमियम भरेगी शुभेंदु सरकार, 23 नवंबर की कैबिनेट में लगेगी अंतिम मुहर
बंगाल सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के प्रीमियम का पूरा भुगतान स्वयं करने की तैयारी में है। ...और पढ़ें

(शुभेंदु अधिकारी- फाइल फोटो- IANS)
HighLights
बंगाल सरकार किसानों का पूरा फसल बीमा प्रीमियम भरेगी।
रबी मौसम में किसानों को 200 करोड़ रुपये की राहत।
23 नवंबर को कैबिनेट बैठक में अंतिम निर्णय संभव।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में किसानों को फसल बीमा के प्रीमियम के भुगतान से पूरी तरह राहत मिल सकती है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों की ओर से जमा किए जाने वाले प्रीमियम का भुगतान भी स्वयं करने की तैयारी में है। इससे रबी मौसम में राज्य के किसानों को लगभग 200 करोड़ रुपये की आर्थिक राहत मिलने की संभावना है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कृषि विभाग ने किसानों को प्रीमियम भुगतान से छूट देने का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा था। वित्त विभाग से इसे मंजूरी मिल गई है। अब इसे 23 नवंबर को होने वाली राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में पेश किए जाने की संभावना है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इस पर अंतिम निर्णय हो जाएगा।
राज्य पर बढ़ेगा प्रीमियम का वित्तीय भार
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सामान्य तौर पर किसानों को बीमित राशि का अधिकतम 1.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होता है। शेष प्रीमियम का भुगतान केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करती हैं। रबी मौसम में किसानों के हिस्से की राशि लगभग 200 करोड़ रुपये आंकी गई है।
राज्य सरकार पहले से अपने हिस्से के रूप में लगभग 37.5 करोड़ रुपये दे रही है। अब किसानों का हिस्सा भी सरकार उठाने की तैयारी में है। इस तरह कुल भुगतान लगभग 214 करोड़ रुपये होने की जानकारी सामने आई है।
13 फसलों को मिलेगा लाभ
राज्य में रबी मौसम अक्टूबर से मार्च तक चलता है। इस दौरान 13 तरह की फसलों की खेती होती है। इनमें आलू और बोरो धान प्रमुख हैं। इसके अलावा खेसारी, मसूर, मूंग, चना, मूंगफली, तिल, सरसों और गन्ने जैसी फसलें भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने करीब दो सप्ताह पहले आलू की खेती को भी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में लाने और किसानों को प्रीमियम से राहत देने की घोषणा की थी। अब अन्य फसलों के किसानों को भी यह सुविधा देने की तैयारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।