कोलकाता: मलद्वार में फंसी बाडी स्प्रे की बोतल को डाक्टरों ने आपरेशन कर निकाला, एक साल में आए 10 मामले
कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में डॉक्टरों ने 32 वर्षीय व्यक्ति के मलद्वार से सफलतापूर्वक एक बाडी स्प्रे की बोतल निकाली। ऐसे 10 मामले एक साल में सामने आए हैं।

HighLights
कोलकाता में व्यक्ति के मलद्वार से निकाली गई बाडी स्प्रे बोतल।
मरीज एचआईवी संक्रमित।
एसएसकेएम अस्पताल में एक साल में 10 ऐसे मामले सामने आए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के पाटुली इलाके के रहने वाले 32 वर्षीय व्यक्ति के मलद्वार में फंसी बाडी स्प्रे की बोतल को एसएसकेएम अस्पताल के डाक्टरों ने आपरेशन कर सफलतापूर्वक निकाल दिया।
रमेन दस्तीदार (बदला हुआ नाम) मलद्वार में तेज दर्द और मलत्याग में परेशानी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। जांच के दौरान चिकित्सक हैरान रह गए, जब उन्हें पता चला कि उसके मलद्वार में बाडी स्प्रे की बोतल फंसी हुई है।
डॉक्टरों ने नहीं माना मरीज का दावा
रमेन ने डाक्टरों को बताया कि घर में अचानक गिरने के दौरान बोतल उसके मलद्वार में घुस गई, हालांकि, डाक्टरों ने इस दावे को लगभग असंभव बताया है। उनका मानना है कि बोतल को जान-बूझकर और बलपूर्वक मलद्वार में डाला गया। इसके पीछे असामान्य यौन संतुष्टि की प्रवृत्ति हो सकती है। मालूम हो कि एसएसकेएम अस्पताल में पिछले एक साल में इस तरह के करीब 10 मामले आ चुके हैं।
मरीज एचआईवी संक्रमित
अस्पताल के शल्य चिकित्सा विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ सब्यसाची बक्सी ने बताया कि मरीज एचआईवी संक्रमित है। गुदा मैथुन और एचआइवी संक्रमण के खतरे के बीच स्थापित संबंध है। असुरक्षित गुदा मैथुन से एचआइवी संक्रमण का खतरा काफी अधिक रहता है।
बढ़ जाती है वायरस के प्रवेश की आशंका
मलाशय के भीतर मौजूद कोशिकाओं की परत योनि मार्ग की तुलना में पतली होती है। इसके कारण वायरस के शरीर में प्रवेश करने की आशंका बढ़ जाती है। बार-बार मलद्वार में बाहरी वस्तुएं डालने से मलाशय और गुदा की संरचना में बदलाव आ सकता है। सामान्य तौर पर मलाशय का व्यास करीब 3.9 सेंटीमीटर होता है, जबकि बाजार में मिलने वाली बाडी स्प्रे की बोतल का व्यास लगभग 4.5 सेंटीमीटर होता है। यह गंभीर चोट और अन्य जटिलताओं का कारण बन सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।