विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता चोरबागान भगदड़: गृह मंत्री अमित शाह ने अस्पताल में घायलों से की मुलाकात, रद किए सभी कार्यक्रम

Published: Sun, 18 Oct 2026 11:59 AM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में घायल हुए लोगों से अपोलो अस्पताल में मुलाकात की

HighLights

  1. अमित शाह ने कोलकाता भगदड़ के घायलों से अस्पताल में मुलाकात की।

  2. चोरबागान पंडाल में हुई घटना में 19 लोगों की जान गई थी।

  3. गृह मंत्री ने अपने सभी दुर्गा पूजा कार्यक्रम रद्द किए।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में घायल हुए लोगों से रविवार को यहां अपोलो अस्पताल जाकर मुलाकात की। शनिवार शाम बारिश के बीच दुर्गा पूजा पंडाल में अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें 19 लोगों की जानें चली गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए।

गृह मंत्री ने घायलों से मिलकर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से भी उनके स्वास्थ्य के बारे में बात की। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उनके साथ थे। घायलों से मुलाकात से पहले गृह मंत्री मुख्यमंत्री शुभेंदु के साथ चोरबागान में पूजा पंडाल में हादसे वाली जगह भी पहुंचे और वहां का जायजा लिया।

उससे पहले सुबह में गृह मंत्री ने कालीघाट मंदिर जाकर दर्शन-पूजन किया। मालूम हो कि शनिवार रात कोलकाता दौरे पर पहुंचे शाह ने इस हादसे के बाद बंगाल में रविवार को हावड़ा के बेलूर मठ सहित विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में जाने के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए थे।

शाह के पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें रविवार सुबह बेलूर मठ स्थित रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय जाना था और इसके बाद दिन में हावड़ा और कोलकाता में कई दुर्गा पूजा आयोजनों में शामिल होना था।

उन्हें उत्तर कोलकाता के शोभाबाजार राजबाड़ी में दुर्गा पूजा में भी शामिल होना था। शोभाबाजार राजबाड़ी में 250 से अधिक वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। राजबाड़ी एक शाही महल है, जहां राजा नवकृष्ण देब के वंशज रहते हैं। शाह का दोपहर में दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

यह भी पढ़ें- कोलकाता भगदड़: चोरबागान के दुर्गा पंडाल में आखिर ऐसा क्या था खास, जिसके लिए उमड़ी थी भारी भीड़

यह भी पढ़ें- यूं पड़ा 'चोर बागान' नाम: कभी चोरों-डकैतों का अड्डा था यह इलाका, अब कोलकाता के सबसे प्रसिद्ध दुर्गा पंडालों में एक