कोलकाता में बुलडोजर एक्शन के बाद हिंसक प्रदर्शन, तीन पुलिसकर्मी घायल; कई गिरफ्तार
कोलकाता के तिलजला में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में पार्क सर्कस में प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए और वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
-1779031532031_m.webp)
कोलकाता में 'बुलडोजर कार्रवाई' के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के तिलजला में हाल ही में हुई ‘बुलडोजर कार्रवाई’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन रविवार को हिंसक हो गया। पार्क सर्कस इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कोलकाता में चला बुलडोजर
तिलजला में एक फैक्टरी में आग लगने की घटना में दो लोगों की मौत के बाद बंगाल सरकार ने पिछले बुधवार को इलाके में अवैध ढांचों को गिराने के लिए ‘बुलडोजर कार्रवाई’ की थी।
अधिकारियों के मुताबिक, अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में लोग पार्क सर्कस सेवन प्वाइंट क्रासिंग के पास इकट्ठा हुए और सड़कों को अवरुद्ध करने की कोशिश की। जब पुलिस ने गैरकानूनी रूप से जुटी भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की, तो उसमें शामिल कुछ लोग पथराव करने लगे, जिससे इलाके में अराजकता फैल गई।
पथराव के दौरान सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनमें केंद्रीय बलों को ले जाने वाले वाहन भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि घटना के बाद बड़ी संख्या में कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों को इलाके में तैनात किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने हालात को और बिगड़ने से रोकने तथा सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए तिलजला और आसपास के इलाकों में गश्त लगाई।
हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त आशीष बिस्वास ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बिस्वास ने कहा कि हिंसा के सिलसिले में हमने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि उन्होंने संख्या नहीं बताई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।