कालीघाट का थानेदार गौतम दास निलंबित, अत्याधुनिक हथियार के साथ 'स्वैग' दिखाना पड़ा भारी
कालीघाट थाने के ओसी गौतम दास को वर्दी में अत्याधुनिक हथियार के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करने ...और पढ़ें
-1777728124924_m.webp)
कालीघाट का थानेदार गौतम दास निलंबित (फाइल फोटो)
HighLights
कालीघाट ओसी गौतम दास को निलंबित किया गया।
वर्दी में हथियार के साथ तस्वीर साझा की थी।
तृणमूल कांग्रेस की शिकायत पर हुई कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता पुलिस के मुख्यालय 'लालबाजार' ने एक बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए कालीघाट थाने के ओसी (थानेदार) गौतम दास को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वर्दी में कुर्सी पर बैठकर अत्याधुनिक स्वचालित हथियार के साथ अपनी तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर साझा करना दास को महंगा पड़ गया। उनकी जगह अब चमेली मुखर्जी को कालीघाट थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विवाद की जड़: 'नई जिम्मेदारी के लिए तैयार' का कैप्शन
हाल ही में गौतम दास ने फेसबुक और वाट्सएप स्टेटस पर एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वे पुलिस की वर्दी पहने अपनी आधिकारिक कुर्सी पर बैठे थे और उनके हाथ में एक घातक अत्याधुनिक बंदूक थी।
इस तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा था "नई जिम्मेदारी के लिए तैयार।" शुक्रवार रात तृणमूल ने इस तस्वीर को 'अत्यंत आपत्तिजनक' और 'धमकाने वाला' बताते हुए चुनाव आयोग और कोलकाता पुलिस कमिश्नर से इसकी शिकायत की थी।
नियमों का उल्लंघन और तृणमूल का प्रहार
तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार ने इस मुद्दे पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्दी में किसी पुलिस अधिकारी द्वारा इंटरनेट मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना कोलकाता पुलिस के दिशानिर्देशों और भारत सरकार की इंटरनेट मीडिया पालिसी का खुला उल्लंघन है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कालीघाट जैसे महत्वपूर्ण थाने के ओसी को ऐसा घातक हथियार आवंटित किया गया था या यह केवल 'शक्ति प्रदर्शन' के लिए था? तृणमूल के अनुसार, ऐसी तस्वीरें कानून-व्यवस्था के रक्षक की गरिमा के खिलाफ हैं और किसी को निशाना बनाने जैसा संदेश देती हैं।
चुनावी माहौल में दूसरी बार बदली कमान
गौरतलब है कि मतदान के इस दौर में कालीघाट थाने में फेरबदल का सिलसिला जारी है। इससे पहले चुनाव आयोग ने 29 मार्च को तत्कालीन ओसी उत्पल घोष को हटाकर स्पेशल ब्रांच से गौतम दास को नियुक्त किया था। लेकिन नियुक्ति के एक महीने के भीतर ही दास विवादों में घिर गए और अब उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है।
लालबाजार के सूत्रों ने पुष्टि की है कि 'गन-कांड' और इंटरनेट मीडिया पोस्ट की गंभीरता को देखते हुए ही यह निलंबन की कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस विभाग ने मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
