कालीघाट झड़प: अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन की रात कालीघाट स्थित उनके आवास के सामने हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने दो ...और पढ़ें

अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर। (एएनआई)
HighLights
पुलिस ने कालीघाट झड़प मामले में दो एफआईआर दर्ज कीं।
एक प्राथमिकी में अभिषेक बनर्जी का नाम भी शामिल है।
पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोप में दो लोग गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन की रात कालीघाट स्थित उनके आवास के सामने हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं।
इनमें से एक प्राथमिकी में अभिषेक बनर्जी का भी नाम शामिल है। वहीं, घटना के दौरान पुलिसकर्मियों को थप्पड़ मारने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अन्य आरोपितों की पहचान की जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात से कालीघाट में अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कई बार विवाद हुआ था। जन्मदिन के मौके पर आधी रात को अभिषेक के आवास के बाहर तृणमूल के कई नेता और कार्यकर्ता जुटे थे। इसी दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की, पथराव और दोनों पक्षों के बीच झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने का भी आरोप है। अभिषेक ने आरोप लगाया था कि उनके पार्टी कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई।
कालीघाट थाने में कुल तीन प्राथमिकी दर्ज
घटना के बाद कालीघाट थाने में कुल तीन प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इनमें दो मामले पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज किए हैं। एक प्राथमिकी में अभिषेक बनर्जी का नाम है। वहीं, अभिषेक ने भी अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी ओर, कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अभिषेक बनर्जी के खिलाफ थाने में शिकायत की है।
शुक्रवार रात की घटना के विरोध में अभिषेक अपने आवास के सामने धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कील लगी लाठियों से उनके समर्थकों पर हमला किया गया। अभिषेक का दावा था कि उनके चार-पांच समर्थक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वह अपने आवास के अंदर गए।
इस घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी कालीघाट थाने के प्रभारी बलाइ बाग पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद से भी इस्तीफे की मांग की थी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।