यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
West Bengal: हावड़ा के एक बाजार में लगी भीषण आग, 100 से अधिक दुकानें जलकर खाक; चार घंटे बाद बुझाई गई आग
Fire in Howrah बंगाल के हावड़ा जिले के उलबेड़िया इलाके के एक बाजार में भीषण आग लगने से 100 से ...और पढ़ें

कोलकाता,राज्य ब्यूरो। Fire in Howrah: बंगाल के हावड़ा जिले के उलबेड़िया इलाके के एक बाजार में भीषण आग लगने से 100 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं।
अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग उलबेड़िया थाना क्षेत्र के छंगेल के लुडलो बाजार में 17 अप्रैल की आधी रात के आसपास लगी थी। अधिकारियों ने बताया कि आग तेजी से फैल गई जिसमें 100 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं।
चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल विभाग की 10 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही की इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। जांच के बाद ही आग लगने के कारण का पता चल पाएगा। घटना के कारण हुए नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है।
सारा सामान जलकर खाक, लाखों का नुकसान
पीड़ित कारोबारियों ने बताया कि उन्होंने हाल ही में ईद के कारण बिक्री में वृद्धि की उम्मीद में दुकानों में काफी माल डाला था,लेकिन भीषण आग में सारा सामान खाक हो गया। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। आग के चलते इलाके में घंटों दहशत का माहौल रहा।
