चक्रवात 'अकवान' के असर से कोलकाता में झमाझम बारिश, ठंड बढ़ने के बाद निकले जैकेट और कंबल
बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से कोलकाता में लगातार बारिश हो रही है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।

कोलकाता के मौसम में दिखा अकवान चक्रवात का असर। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर अब कोलकाता के मौसम पर साफ दिखने लगा है। गुरुवार सुबह से ही महानगर और आसपास के इलाकों में लगातार टिप-टिप बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
सुबह के समय शुरू हुई इस बेमौसम बरसात और आसमान में छाए घने बादलों के कारण दफ्तर और जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ठंड की दस्तक, निकले जैकेट और कंबल
लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के चलते कोलकाता के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। नवंबर के तीसरे सप्ताह में ही लोगों को तेज सर्दी का एहसास होने लगा है। अचानक बदले इस मौसम के मिजाज को देखते हुए महानगरवासियों ने अपने गर्म कपड़े, जैकेट और कंबल निकालना शुरू कर दिए हैं। सड़कों पर सुबह से ही लोग रेनकोट और छतरियों के साथ-साथ स्वेटर व जैकेट पहने नजर आए।
कब तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला?
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'अकवान' 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराएगा। इसके प्रभाव से कोलकाता और आसपास के जिलों में 19 से 21 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी, जबकि 22 नवंबर से मौसम साफ होने के साथ ही ठंड में और इजाफा होने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें: ओडिशा के गोपालपुर से 530 किमी दूर है चक्रवात 'अकवान' का केंद्र, टकराने पर 120 kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं