बंगाल: चॉक और डस्टर संभालने वाले शिक्षक करेंगे प्राथमिक चिकित्सा, पढ़ेंगे फर्स्ट एड का पाठ
पश्चिम बंगाल सरकार ने सरकारी स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा और त्वरित स्वास्थ्य देखभाल के लिए 'आरोग्य चेतना' कार्यक्रम शुरू किया है।

बंगाल में सरकारी स्कूल के शिक्षक बच्चों को देंगे प्राथमिक उचार। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
HighLights
सरकारी स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा हेतु 'आरोग्य चेतना' कार्यक्रम शुरू।
सीके बिड़ला अस्पताल 83 हजार शिक्षकों को प्राथमिक उपचार सिखाएगा।
शिक्षकों को फर्स्ट एड किट मिलेंगे, सीपीआर का भी प्रशिक्षण।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा और त्वरित स्वास्थ्य देखभाल के लिए राज्य सरकार ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। राज्य सरकार ने सरकारी-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत पूरे बंगाल में 'आरोग्य चेतना' कार्यक्रम की शुरुआत की है।
इसके तहत अब चॉक और डस्टर संभालने वाले शिक्षक स्कूल में किसी छात्र के घायल होने पर उसे तुरंत प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) देंगे और स्थिति स्थिर करने के बाद ही निकटवर्ती अस्पताल ले जाएंगे।
सीके बिड़ला अस्पताल देगा प्रशिक्षण, मिलेंगे फर्स्ट एड किट
सरकारी-निजी भागीदारी के इस मॉडल के अंतर्गत राज्य सरकार ने पहाड़ से लेकर मैदान तक करीब 83 हजार स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए सीके बिड़ला अस्पताल (सीएमआरआई) के साथ हाथ मिलाया है।
हाल ही में दमदम और साउथ प्वाइंट स्कूल में हुई दुर्घटनाओं के बाद समय पर इलाज न मिलने की शिकायतों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। सभी स्कूलों को फर्स्ट एड किट दिए जाएंगे, प्रधानाध्यापक प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों की सूची देंगे और अभियान को सफल बनाने के लिए एनजीओ की भी मदद ली जाएगी।
हड्डी टूटने पर देखभाल और सीपीआर का बनेगा सिलेबस
सीके बिड़ला अस्पताल के सोमब्रत राय ने बताया कि इसके लिए एक विशेष सिलेबस और 'आरोग्य चेतना' वेबसाइट तैयार की जा रही है, जिस पर टीचिंग माड्यूल उपलब्ध रहेंगे। प्रशिक्षण में शिक्षकों को हड्डी टूटने पर अंग को खींचने के बजाय कपड़े या स्प्लिंट से स्थिर रखने, खुले घाव की ड्रेसिंग करने और अचानक हृदय गति रुकने पर सीपीआर व कृत्रिम श्वसन देने की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।