आठ फरवरी को आएगी बंगाल की अंतिम मतदाता सूची, दोबारा बदला कार्यक्रम
चुनाव आयोग ने बंगाल में विशेष मतदाता पुनरीक्षण के लिए नई समयसारिणी घोषित की है। संशोधित ड्राफ्ट मतदाता सूची 15 दिसंबर को और अंतिम सूची अगले वर्ष 8 फरवरी को जारी होगी।
-1795775146337_m.webp)
आठ फरवरी को आएगी बंगाल की अंतिम मतदाता सूची (फाइल फोटो)।
HighLights
बंगाल की अंतिम मतदाता सूची 8 फरवरी को जारी होगी।
ड्राफ्ट सूची 15 दिसंबर को, त्रुटि सुधार पर विशेष जोर।
मतदाता विवरणों के सत्यापन के लिए बीएलओ घर जाएंगे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच चुनाव आयोग ने आखिरकार नई समयसारिणी घोषित कर दी है। अब राज्य की संशोधित ड्राफ्ट मतदाता सूची 15 दिसंबर को प्रकाशित होगी। वहीं, अंतिम मतदाता सूची अगले वर्ष आठ फरवरी को जारी की जाएगी।
आयोग इससे पहले भी दो बार सूची प्रकाशन की तारीख में बदलाव कर चुका है। अनिवार्य परिस्थितियों का हवाला देकर पूरी प्रक्रिया स्थगित किए जाने के बाद नई समयसारिणी की घोषणा से मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर बना असमंजस दूर होने की उम्मीद है।
तीन दिसंबर तक पूरा होना है काम
आयोग के नए कार्यक्रम के अनुसार, तीन दिसंबर तक राज्य के सभी मतदान केंद्रों के परिसीमन और संबंधित पुनर्व्यवस्था का काम पूरा करना होगा। इसके बाद 15 दिसंबर को संशोधित ड्राफ्ट सूची प्रकाशित की जाएगी। इस सूची में नाम शामिल कराने, हटाने अथवा किसी विवरण में सुधार के लिए 14 जनवरी 2027 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया एक फरवरी तक पूरी करनी होगी। इसके बाद आठ फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
विवरणों की गड़बड़ी पर विशेष नजर
इस बार आयोग ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सत्यापन प्रक्रिया को भी सख्त किया है। जिन मतदाताओं के विवरण में किसी तरह की विसंगति या असंगति मिलेगी, उनके घर जाकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को वास्तविक जानकारी का सत्यापन करना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल दस्तावेजों में दर्ज आंकड़ों के आधार पर औपचारिकता पूरी करने के बजाय जमीनी स्तर पर भी तथ्यों की जांच की जाए।
नाम से लेकर तस्वीर तक में सुधार का निर्देश
आयोग ने मतदाता सूची में दर्ज व्यक्तिगत जानकारियों की शुद्धता पर विशेष जोर दिया है। मतदाता के नाम, पिता या माता के नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और तस्वीर में किसी तरह की त्रुटि होने पर उसे चिह्नित कर सुधारने का निर्देश दिया गया है।
आयोग का मानना है कि आधार और पैन कार्ड जैसे दस्तावेजों में लोग अपनी जानकारियां दुरुस्त कराने को लेकर अपेक्षाकृत अधिक सतर्क रहते हैं, लेकिन मतदाता पहचान पत्र में गलतियां लंबे समय तक बनी रहती हैं। इसी समस्या को दूर करने के लिए विशेष पहल की जा रही है।
गलतियों को दूर करना उद्देश्य
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल स्वचालित पहचान प्रणाली (आटोमेटेड आइडेंटिफिकेशन) के आधार पर मतदाता सूची में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा। प्रत्येक मामले में निर्धारित सत्यापन प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा। इस पूरी कवायद का उद्देश्य मतदाता सूची में सही और योग्य मतदाताओं का नाम सुनिश्चित करने के साथ व्यक्तिगत विवरणों की विसंगतियों को दूर करना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।