कोलकाता स्टेशन के यार्ड की होगी रीमॉडलिंग, पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा का लिया जायजा
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने कोलकाता स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने प्रस्तावित यार्ड रीमॉडलिंग और आधुनिकीकरण कार्यों की समीक्षा की।

कोलकाता स्टेशन का निरीक्षण करतीं पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय। (फोटो - रेलवे)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता रेलवे स्टेशन के प्रस्तावित यार्ड रीमॉडलिंग और आधुनिकीकरण को लेकर पूर्व रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक (जीएम) गीतिका पांडेय ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार को कोलकाता स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व संरक्षा व्यवस्था तथा जारी और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यों के समयबद्ध निष्पादन के साथ यात्रियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पूर्व रेलवे की ओर से एक बयान में बताया गया कि निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक को कोलकाता स्टेशन के प्रस्तावित यार्ड रीमॉडलिंग के संबंध में पावरप्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी गई।
-1789291345101.webp)
इसमें स्टेशन यार्ड में प्रस्तावित सुधार, आधुनिकीकरण और भविष्य की क्षमता वृद्धि से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। महाप्रबंधक ने इस महत्वपूर्ण स्टेशन पर जारी विकास कार्यों और आगामी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सूक्ष्म योजना बनाने तथा सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
उन्होंने स्टेशन परिसर में उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया। स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा तथा भीड़ एवं यात्री आवाजाही के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इमिग्रेशन सेंटर का भी लिया जायजा
महाप्रबंधक ने कोलकाता स्टेशन स्थित आव्रजन केंद्र (इमिग्रेशन सेंटर) का भी निरीक्षण किया। यह आव्रजन केंद्र अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जरूरतों को पूरा करता है। उन्होंने वहां उपलब्ध बुनियादी ढांचे, यात्री प्रबंधन सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों से बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (पीसीसीएम) डा. उदय शंकर झा, सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना सहित पूर्व रेलवे मुख्यालय और सियालदह मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
-1789291395730.webp)
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिबराम मांझी ने कहा कि कोलकाता स्टेशन पूर्व रेलवे का महत्वपूर्ण यात्री टर्मिनल है, जहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह के यात्रियों का आवागमन होता है।
निरीक्षण का उद्देश्य यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व संरक्षा को मजबूत करने के साथ बुनियादी ढांचे के विकास और भविष्य की क्षमता वृद्धि की योजनाओं की समीक्षा करना था। उन्होंने कहा कि पूर्व रेलवे स्टेशन को और यात्री-अनुकूल बनाने के लिए सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।
