त्योहारी सीजन में रेलवे का तोहफा, 4 स्पेशल ट्रेनों के बढ़ाए फेरे; कानपुर से कोलकाता तक सफर होगा आसान
उत्तर मध्य रेलवे ने नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कई विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
उत्तर मध्य रेलवे ने त्योहारों के लिए विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ाई।
कानपुर सेंट्रल-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल के आठ अतिरिक्त फेरे।
आगरा-कोलकाता, झांसी-आसनसोल समेत अन्य ट्रेनों के भी फेरे बढ़े।
जागरण संवाददाता, कानपुर। नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। कानपुर सेंट्रल से कोलकाता के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के आठ अतिरिक्त फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही आगरा-कोलकाता स्पेशल के नौ और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आसनसोल स्पेशल एक्सप्रेस 16 अतिरिक्त फेरे लेगी।
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 04157/04158 कानपुर सेंट्रल-कोलकाता साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन बढ़ाया गया है।
कानपुर से यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान आठ फेरे लेगी। वापसी में कोलकाता से प्रत्येक बुधवार सात अक्टूबर से 25 नवंबर तक आठ फेरे लगाएगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 01911/01912 आगरा कैंट-कोलकाता-आगरा कैंट साप्ताहिक विशेष ट्रेन के भी नौ अतिरिक्त फेरे होंगे। आगरा से यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक और कोलकाता से प्रत्येक शुक्रवार दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी।
झांसी-आसनसोल स्पेशल के 16 फेरे
ट्रेन नंबर 04185/04186 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आसनसोल विशेष ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। झांसी से प्रत्येक बुधवार और रविवार सात अक्टूबर से 29 नवंबर तक तथा आसनसोल से प्रत्येक सोमवार और गुरुवार आठ अक्टूबर से 30 नवंबर तक 16 फेरे लेगी।
इसी तरह 05183/05184 आजमगढ़-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल के संचालन की अवधि भी बढ़ाई गई है। आजमगढ़ से तीन अक्टूबर से 28 नवंबर तक नौ और बांद्रा से पांच अक्टूबर से 30 नवंबर तक नौ अतिरिक्त फेरे लेगी। इसके अलावा 09601/09602 मदार जंक्शन (राजस्थान)-पटना साप्ताहिक स्पेशल नौ फेरे लेगी। मदार से ट्रेन एक अक्टूबर से 26 नवंबर और पटना से दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी।
