दिल्ली से कोलकाता का सफर 16-17 घंटे में होगा पूरा, पांच राज्यों को जोड़ेगा एक्सप्रेसवे का ‘महाजाल’
दिल्ली से कोलकाता तक सड़क मार्ग से यात्रा अब 16-17 घंटे में पूरी हो सकेगी, क्योंकि विभिन्न एक्सप्रेसवे को जोड़कर ...और पढ़ें

दिल्ली-कोलकाता यात्रा 16-17 घंटे में पूरी होगी (सांकेतिक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। दिल्ली से कोलकाता तक सड़क मार्ग से सफर आने वाले वर्षों में काफी तेज और सुगम हो सकता है। विभिन्न मौजूदा और निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़कर करीब 1500 किलोमीटर लंबा एक्सेस कंट्रोल्ड नेटवर्क तैयार होने पर दिल्ली से कोलकाता की यात्रा करीब 16-17 घंटे में पूरी होने का अनुमान है।
इस नेटवर्क से दिल्ली-एनसीआर के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और बंगाल के कई प्रमुख शहरों को तेज सड़क संपर्क मिलेगा। प्रस्तावित नेटवर्क में यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे पहले से चालू मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आगे गाजीपुर-वाराणसी संपर्क और निर्माणाधीन वाराणसी-रांची-कोलकाता एक्सप्रेसवे के जरिये इसे बंगाल तक पहुंचाने की योजना है।
बंगाल के पुरुलिया-बांकुड़ा से डानकुनी तक संपर्क
इस पूरे नेटवर्क में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी वाराणसी-रांची-कोलकाता एक्सप्रेसवे होगी। यह वाराणसी से बिहार के कैमूर और रोहतास क्षेत्र होते हुए झारखंड में प्रवेश करेगी।
वहां चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो क्षेत्र से गुजरते हुए बंगाल की ओर बढ़ेगी। बंगाल में पुरुलिया, बांकुड़ा, हुगली और हावड़ा क्षेत्र को जोड़ते हुए इसका संपर्क डानकुनी तक होगा।
इसके पूरा होने से बंगाल और झारखंड के औद्योगिक क्षेत्रों को उत्तर भारत के प्रमुख बाजारों से तेज सड़क संपर्क मिलने की उम्मीद है। माल परिवहन में लगने वाला समय कम होने के साथ औद्योगिक और लाजिस्टिक गतिविधियों को भी लाभ मिल सकता है।
दिल्ली से यात्रा करने वाले वाहन नोएडा से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिये आगरा और वहां से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से लखनऊ पहुंच सकेंगे। इसके बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिये पूर्वी उत्तर प्रदेश और फिर आगे वाराणसी की ओर यात्रा की जा सकेगी।
शहरों की भीड़ से बचाएगा एक्सेस कंट्रोल्ड नेटवर्क
नए नेटवर्क का एक बड़ा लाभ व्यस्त शहरी क्षेत्रों और स्थानीय यातायात से बचना होगा। अभी दिल्ली-कोलकाता सड़क संपर्क में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां कई हिस्सों में शहरी और स्थानीय यातायात के कारण यात्रा की गति प्रभावित होती है। नया नेटवर्क प्रमुख शहरों को बाईपास करते हुए तेज आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है।
एक्सेस कंट्रोल्ड मार्ग होने के कारण वाहनों का प्रवेश और निकास निर्धारित स्थानों से होगा। पूरे नेटवर्क की अधूरी कड़ियां तैयार होने के बाद दिल्ली से कोलकाता की यात्रा का समय करीब 16-17 घंटे और दिल्ली से रांची का सफर लगभग 13 घंटे तक सीमित होने का अनुमान जताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक यात्रा समय मार्ग के पूर्ण रूप से तैयार होने, गति सीमा और यातायात परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
