विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात 'अकवान' का खतरा, IMD ने बारिश को लेकर तमिलनाडु और पुडुचेरी में जारी किया अलर्ट

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:30 AM (IST)

बंगाल की खाड़ी में 16 नवंबर तक चक्रवात 'अकवान' बनने की संभावना है, जिससे तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

चक्रवात अकवान को लेकर IMD का अलर्ट (फोटो-IMD)

चक्रवात अकवान को लेकर IMD का अलर्ट (फोटो-IMD)

HighLights

  1. 16 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी में चक्रवात संभव।

  2. तमिलनाडु, पुडुचेरी में बारिश का पूर्वानुमान जारी।

  3. मछुआरों को 17 नवंबर तक समुद्र से दूर रहने की सलाह।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र 16 नवंबर तक चक्रवात का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार को अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आसपास बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती प्रवाह के प्रभाव से निम्न दबाव क्षेत्र विकसित हुआ है।

इसके शुरुआत में उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और सप्ताहांत तक और मजबूत होने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ सकता है। वहां अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण इसके चक्रवात में तब्दील होने के आसार हैं।

चक्रवात की वजह से कहां-कहां होगी बारिश?

इसके प्रभाव से तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से लगे नीलगिरि, कोयंबटूर, थेनी, डिंडीगुल, तिरुप्पुर और तेनकाशी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है। उत्तरी तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी हल्की बारिश के आसार हैं।

रविवार और सोमवार को पश्चिमी घाट से लगे जिलों, दक्षिणी तमिलनाडु और उत्तरी तटीय तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए मछुआरों को 17 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी, दक्षिण-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य हिस्सों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

‘अर्णब’ व ‘मुरासु’ के बाद अब ‘अकवान’ की बारी

अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में 'अर्णब' और नवंबर की शुरुआत में 'मुरासु' के बाद अब एक महीने के भीतर तीसरे चक्रवात 'अकवान' के विकसित होने की आशंका है।

अर्णब' व 'मुरासु' के बीच महज छह दिनों का अंतर रहा था। कोलकाता स्थित अलीपुर मौसम कार्यालय के अनुसार, शुक्रवार सुबह बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा। इसके 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अकवान’ का रूप लेने के आसार हैं।

मौसमविद् गणेश कुमार दास के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती मौसम में तीन तूफानों का बनना असामान्य नहीं है। 2023 में अक्टूबर-दिसंबर के दौरान हमून, मिधिली और मिचौंग नामक तीन चक्रवात बने थे।

हालांकि, उनके बीच पर्याप्त समयांतर था। इस वर्ष तीन तूफानों के बीच का समय कम होना चौंका रहा है। 13 साल पहले ऐसी स्थिति बनी थी, जब ‘हेलेन’ और ‘लेहर’ महज छह दिनों के अंतराल पर आंध्र प्रदेश के तट से टकराए थे।

यह भी पढ़ें- स्कूलों में पूजा और गर्मी की छुट्टियां घटाने पर विचार, बंगाल सरकार शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की कर रही तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।