विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्कूलों में पूजा और गर्मी की छुट्टियां घटाने पर विचार, बंगाल सरकार शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की कर रही तैयारी

Published: Sun, 15 Nov 2026 02:00 AM (IST)

बोर्ड का मानना है कि दुर्गापूजा की लंबी छुट्टियों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। लंबे समय तक ...और पढ़ें

बंगाल सरकार शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की कर रही तैयारी (फोटो- पीटीआई)

बंगाल सरकार शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की कर रही तैयारी (फोटो- पीटीआई)

HighLights

  1. लगातार लंबी छुट्टियों से पढ़ाई प्रभावित होने और विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुचि कम होने की आशंका

  2. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कर रहा है छुट्टियों की अवधि में कटौती की तैयारी 

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के सरकारी स्कूलों में दुर्गापूजा और गर्मी की लंबी छुट्टियों में कटौती की तैयारी चल रही है। पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड लगातार कई दिनों तक स्कूल बंद रहने की व्यवस्था में बदलाव करने पर विचार कर रहा है।

बोर्ड का मानना है कि दुर्गापूजा की लंबी छुट्टियों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। लंबे समय तक स्कूल से दूर रहने के कारण कई विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुचि कम होने लगती है और छुट्टी से पहले पढ़ाए गए पाठ भी वे भूलने लगते हैं।

बोर्ड के आकलन के अनुसार, छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने पर विद्यार्थियों को दोबारा पढ़ाई की पुरानी लय में लौटने में परेशानी होती है। ऐसे में पूजा की छुट्टियों की अवधि कुछ कम करने से पढ़ाई पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।

राज्य के सरकारी स्कूलों में आमतौर पर दुर्गापूजा की छुट्टियां लगभग एक महीने तक रहती हैं। भैया दूज के बाद ही स्कूल खुलने की परंपरा रही है। गर्मी की छुट्टियां भी लगातार कई दिनों तक चलती हैं।

शिक्षकों की भिन्न राय

छुट्टियों में कटौती के प्रस्ताव पर शिक्षक समुदाय की राय एक जैसी नहीं है। शिक्षकों के एक वर्ग ने इसका समर्थन किया है। उनका कहना है कि लंबी छुट्टियों के अलावा चुनाव के दौरान भी स्कूलों को कई दिनों तक बंद रखना पड़ता है। इससे पढ़ाई का क्रम प्रभावित होता है इसलिए छुट्टियों की व्यवस्था पर व्यापक विचार जरूरी है।

वहीं, बंगीय शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी समिति के महासचिव स्वपन मंडल ने लगातार छुट्टियों को समाप्त करने के विचार का विरोध किया है। उनका कहना है कि कुल छुट्टियों की संख्या में बदलाव किए बिना उन्हें अलग-अलग समय में बांटने का निर्णय स्कूलों पर छोड़ देना चाहिए।

पश्चिम बंगाल सरकारी विद्यालय शिक्षक समिति के महासचिव सौगत बसु ने कहा कि स्कूलों में पूजा और गर्मी की छुट्टियों को मिलाकर कुल 65 दिन का अवकाश रहता है, जबकि अन्य सरकारी विभागों में यह संख्या 52 दिन है।

मुख्यमंत्री ने अगले वर्ष से सरकारी विभागों की छुट्टियां घटाकर 40 से 45 दिन करने का संकेत दिया है। ऐसे में शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों की छुट्टियां भी अन्य सरकारी कर्मचारियों के बराबर करने पर विचार होना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।