बंगाल के सभी स्कूलों में 26 नवंबर को मनेगा संविधान दिवस, शिक्षा मिशन ने जारी किया निर्देश
बंगाल के सभी स्कूलों में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा, जिसके लिए पश्चिम बंगाल समग्र शिक्षा मिशन ने दिशानिर्देश जारी किए हैं।

बंगाल के सभी स्कूलों में 26 को मनेगा संविधान दिवस (एआई से बनी तस्वीर)।
HighLights
26 नवंबर को बंगाल के स्कूलों में संविधान दिवस।
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ होगा।
विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के सभी स्कूलों में आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा। पश्चिम बंगाल समग्र शिक्षा मिशन ने सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को इस बाबत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इसके तहत स्कूलों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, पोस्टर व चित्रकला प्रतियोगिता सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने के दिवस का स्मरण करने व विद्यार्थियों में संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
होगा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ
संविधान दिवस पर स्कूलों में सुबह की प्रार्थना में विद्यार्थियों से सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराने को कहा गया है। विद्यार्थियों को अपने जिले या राज्य से संविधान सभा में प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने और उनके योगदान पर वक्तव्य देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। संविधान आधारित विषयों पर पोस्टर बनाने और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित करने का भी सुझाव दिया गया है।
नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश
इसके साथ ही संविधान के आदर्शों से प्रेरित होकर बुकमार्क, बैज और कोलाज बनाने जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी कराई जाएंगी। कार्यक्रमों की निगरानी व सुचारु आयोजन के लिए प्रत्येक जिले में एक जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया गया है। लोकसभा सांसदों व राज्यसभा सदस्यों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में 26 से 30 नवंबर के बीच संविधान दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है।